शटर के ताले रहे सुरक्षित, छत व टीन तोड़कर घुसे चोर 40 से 45 मोबाइल व नकदी ले उड़े
छतरपुर। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बस स्टैंड के पास फव्वारा चौक स्थित जय बालाजी इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान में चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए करीब 10 से 15 लाख रुपये कीमत के मोबाइल फोन और नकदी पार कर दी। घटना व्यापारी सुमित पटवा की दुकान पर हुई, जहां चोरों ने आगे के शटर के ताले तोडऩे के बजाय पीछे की ओर से छत व टीन को काटकर व तोड़कर दुकान में प्रवेश किया। बताया जा रहा है कि वारदात के दौरान चोर सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुए हैं, हालांकि बाद में कैमरे भी टूटे मिले।
दुकान संचालक सुमित पटवा के भाई सूरज पटवा के अनुसार, दुकान रोज की तरह बंद की गई थी और सुबह करीब 10 बजे जब दुकान खोली गई तो मोबाइल कम दिखने पर चोरी का पता चला। चोर दुकान से करीब 40 से 45 मोबाइल फोन के साथ पर्स, महत्वपूर्ण दस्तावेज और करीब 10 से 20 हजार रुपये नकद ले गए हैं। पीडि़त परिवार ने बताया कि वर्षों की मेहनत से व्यापार खड़ा किया था और इस बड़ी चोरी से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ जांच शुरू की, जबकि परिजनों ने कई घंटे बीतने के बावजूद फिंगरप्रिंट और डॉग स्क्वायड एक्सपर्ट टीम के मौके पर न पहुंचने पर नाराजगी जताई।
एएसपी आदित्य पटले ने बताया कि बस स्टैंड के पास फव्वारा चौक क्षेत्र में मोबाइल दुकान से चोरी की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। पीछे से प्रवेश किए जाने के बिंदु को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने रणनीति बनाकर टीम गठित की है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

