जमीन की तमीम के नाम पर मांगी थी 10 हजार रुपये की रिश्वत, लोकायुक्त टीम ने 8 हजार रुपये लेते रंगे हाथों पकड़ा था।
छतरपुर। भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए छतरपुर जिला न्यायालय ने रिश्वत लेने के मामले में दोषी पाए गए चंद्रनगर हल्के के तत्कालीन पटवारी अंकित पाठक को तीन वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। न्यायालय ने आरोपी पर 10 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। यह फैसला भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के विशेष न्यायाधीश आशीष श्रीवास्तव की अदालत द्वारा सुनाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला वर्ष 2019 का है। चंद्रनगर हल्के में पदस्थ पटवारी अंकित पाठक ने आवेदक राजेंद्र सिंह यादव से जमीन के पट्टे के एवज में जमीन की तमीम करने के लिए 10 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। रिश्वत की मांग से परेशान होकर राजेंद्र सिंह यादव ने इसकी शिकायत लोकायुक्त कार्यालय सागर में दर्ज कराई थी।
शिकायत का सत्यापन करने के बाद लोकायुक्त सागर की टीम ने आरोपी पटवारी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। दिनांक 22 जुलाई 2019 को लोकायुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए पटवारी अंकित पाठक को आवेदक राजेंद्र सिंह यादव से 8 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया था।
इस मामले में लोकायुक्त पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई पूरी कर प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किया गया था। लंबे समय तक चले न्यायिक विचारण के बाद भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के विशेष न्यायाधीश आशीष श्रीवास्तव ने मामले में फैसला सुनाते हुए आरोपी पटवारी अंकित पाठक को दोषी ठहराया और तीन वर्ष के सश्रम कारावास के साथ 10 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया।
न्यायालय के इस फैसले को भ्रष्टाचार के खिलाफ महत्वपूर्ण संदेश माना जा रहा है। वहीं, मामले में जिला न्यायालय के एडीपीओ संजय यादव ने फैसले से संबंधित जानकारी देते हुए बताया कि न्यायालय ने आरोपी को तीन वर्ष के सश्रम कारावास एवं 10 हजार रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई है।

