17 अपराधों में पहले से लिप्त है आरोपी, महाराष्ट्र सहित अन्य स्थानों पर भी चल रही थी तलाश
छतरपुर। जिले में महिलाओं के गले से सोने की चेन छीनने वाले शातिर स्नैचर को सिविल लाइन पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीन स्नैचिंग की घटनाओं में छीने गए आभूषण और वारदात में इस्तेमाल पल्सर 220 मोटरसाइकिल सहित करीब 5 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान निक्कू सिसोदिया उर्फ निक्की उर्फ अमन पिता बुद्ध सिंह, निवासी ग्राम कंचनपुर, थाना चंदला के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, अवैध हथियार, चोरी और एनडीपीएस सहित पहले से 17 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक, जुलाई माह में सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ चेन स्नैचिंग की वारदात हुई थी। इस मामले में पुलिस ने पूर्व में एक आरोपी आकाश शिवहरे को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी थी। इसी बीच अक्टूबर माह में थाना मातगुवां क्षेत्र के जिओ पेट्रोल पंप के पास और थाना महाराजपुर क्षेत्र के ग्राम डुमरा में महिलाओं के आभूषण छीनने की घटनाएं सामने आईं। इसके अलावा सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की मोटरसाइकिल बेईमानीपूर्वक ले जाने का मामला भी दर्ज हुआ था।
लगातार हो रही इन वारदातों को पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी और घटनाओं के खुलासे के निर्देश दिए थे। पुलिस टीम ने साक्ष्यों और सूचनाओं का विश्लेषण किया तो तीनों चेन स्नैचिंग और मोटरसाइकिल ले जाने की घटना में निक्कू सिसोदिया की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छीनी गई सोने की चेन, 11 पेंडल और वारदात में इस्तेमाल पल्सर 220 मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद संपत्ति की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से 17 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं और वह महाराष्ट्र सहित अन्य स्थानों पर भी वांछित है।
आरोपी की गिरफ्तारी पर घोषित था 10 हजार का इनाम
पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने इन घटनाओं में शामिल आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम का उत्साहवर्धन करते हुए 10 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की थी।
इनकी रही कार्रवाई में भूमिका
पूरी कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदित्य पटले एवं नगर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सोनी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सिविल लाइन निरीक्षक आशुतोष श्रोत्रिय के नेतृत्व में की गई। इसमें प्रधान आरक्षक राजू वर्मा, मुकेश, उमेश, राकेश, आरक्षक हरेंद्र, प्रशांत, पहाड़, राकेश और राजेश सहित थाना बीना जिला सागर के थाना प्रभारी अनुप यादव एवं उनकी टीम, थाना नौगांव से उपनिरीक्षक गुरुदत्त शेषा और आरक्षक आशीष सोलंकी तथा साइबर सेल से उपनिरीक्षक दीपक यादव एवं प्रधान आरक्षक विजय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

