जमीन बेचने की रंजिश में खूनी खेल, 70 वर्षीय पिता की हत्या कर आरोपी बेटा गिरफ्तार
By अनवार रजा रानू
बांदा। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां ढाई बीघा पैतृक जमीन बेचने से नाराज एक बेटे ने अपने ही 70 वर्षीय बुजुर्ग पिता की हंसिया से हमला कर निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के बांधापुरवा गांव की है। शुक्रवार रात करीब घर में 70 वर्षीय मोतीलाल यादव चाय बना रहे थे। इसी दौरान उनका बेटा नीलम अपनी मां से खाना मांगने लगा। इस पर पिता मोतीलाल ने बेटे से कहा कि क्या दिखाई नहीं दे रहा है कि चूल्हे पर चाय बन रही है। इसी मामूली बात को लेकर बेटा आगबबूला हो गया।
आरोप है कि गुस्से में आकर बेटे ने पास में रखा हंसिया उठा लिया और अपने पिता पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर पर कई वार होने के कारण मोतीलाल गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में घायल मोतीलाल को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
ढाई बीघा जमीन बनी खूनी रंजिश की वजह
बताया जा रहा है कि मोतीलाल यादव ने कुछ दिन पहले अपनी ढाई बीघा पैतृक जमीन बेच दी थी। इसी बात को लेकर पिता और बेटे के बीच काफी समय से मनमुटाव चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि जमीन बेचने की नाराजगी ने इस खूनी वारदात को जन्म दिया।
मृतक के भाई की तहरीर पर मुकदमा, आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। मृतक के भाई बिल्ला यादव की तहरीर के आधार पर पुलिस ने रात में ही प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में सीओ सिटी बांदा सौरभ सिंह ने बताया कि पिता की हत्या के मामले में आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच एवं आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर पारिवारिक विवाद और जमीन-जायदाद के लालच में टूटते रिश्तों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस बेटे से बुजुर्ग पिता को बुढ़ापे में सहारे की उम्मीद थी, उसी पर पिता की हत्या का आरोप है।

