छतरपुर। श्री कृष्णा विश्वविद्यालय परिसर में अनंत चतुर्दशी के अवसर पर गणेश उत्सव का समापन श्रद्धा, उल्लास और भक्ति-भाव के साथ हुआ। कई दिनों से परिसर में स्थापित भगवान श्री गणेश की प्रतिमा को प्रतिदिन आकर्षक रूप से सजाया गया था और पंडाल को महाराष्ट्रीयन कलेवर में सजाया गया था। गुरुवार को भगवान गणेश को 56 भोग का महाप्रसाद अर्पित किया गया।
शुक्रवार को वैदिक मंत्रोच्चार एवं महाआरती के बाद गणेश प्रतिमा की विसर्जन यात्रा निकाली गई। पारंपरिक परिधान में गले में पीला पटका और हाथों में भगवा ध्वज लिए छात्र-छात्राएं यात्रा में शामिल हुए। ढोल-नगाड़ों की थाप, पारंपरिक नृत्य और रंग-गुलाल के बीच श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ के जयकारे लगाए।आयोजन में विश्वविद्यालय के कुलाधिपति, अध्यक्ष, कुलगुरु, प्राध्यापकगण, प्रशासनिक अधिकारी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। पूरे परिसर में उत्साह और भक्ति का माहौल दिखाई दिया। विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, एकता और सामाजिक सौहार्द की भावना को मजबूत करते हैं। अंत में महाप्रसाद का वितरण किया गया और विसर्जन यात्रा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।

