विज्ञापन

Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

Breaking Posts

Right Post

छतरपुर के वार्डों में 'मौत के तार का खतरा, बल्लियों के सहारे घरों तक पहुंच रही बिजली


छतरपुर। शहर के कई वार्ड आज भी मूलभूत सुविधाओं की कमी से जूझ रहे हैं। देरी रोड स्थित महर्षि स्कूल के पास करीब 200 से अधिक परिवार पिछले लगभग छह वर्षों से निवास कर रहे हैं, लेकिन क्षेत्र में अब तक व्यवस्थित विद्युत लाइन, सड़क और नाली जैसी बुनियादी सुविधाएं नहीं पहुंच सकी हैं। विद्युत पोल नहीं होने के कारण रहवासी लकड़ी की बल्लियों के सहारे तार खींचकर घरों तक बिजली पहुंचाने को मजबूर हैं।स्थानीय रहवासियों के अनुसार अधिकांश परिवारों ने विद्युत विभाग से वैध कनेक्शन ले रखे हैं और नियमित रूप से बिजली बिल का भुगतान भी करते हैं। इसके बावजूद करीब आधा किलोमीटर तक बल्लियों के सहारे तार ले जाकर घरों तक बिजली पहुंचाई जा रही है। कुछ परिवारों द्वारा बिना वैध कनेक्शन के बिजली उपयोग किए जाने की बात भी सामने आई है।
नाले के पास से गुजर रहे तार, हादसे की आशंका-
रहवासियों का कहना है कि सबसे गंभीर स्थिति नाले के आसपास बनी हुई है, जहां बल्लियों के सहारे खींचे गए विद्युत तार लोगों के आवागमन वाले रास्तों के ऊपर से गुजर रहे हैं। बारिश और तेज हवा के दौरान तार टूटने या बल्लियां गिरने की स्थिति में करंट फैलने का खतरा बना रहता है। स्कूल आने-जाने वाले बच्चों और राहगीरों को भी इन असुरक्षित तारों के नीचे से गुजरना पड़ता है।
स्थानीय लोगों ने इन तारों को 'मौत के तार बताते हुए कहा कि किसी दिन तार टूटकर नीचे गिरने से गंभीर हादसा हो सकता है। लोगों का कहना है कि दुर्घटना होने के बाद कार्रवाई करने के बजाय प्रशासन और विद्युत विभाग को पहले ही सुरक्षा के इंतजाम करने चाहिए।
फ्रूट पार्क बना, लेकिन मूलभूत सुविधाओं का इंतजार-
क्षेत्र में फ्रूट पार्क का निर्माण होने के बाद रहवासियों को उम्मीद थी कि इलाके में विकास कार्यों को गति मिलेगी। हालांकि, लोगों के अनुसार आज भी क्षेत्र में पक्की सड़क, नाली और व्यवस्थित विद्युत लाइन की कमी बनी हुई है। बारिश के मौसम में सड़क और जल निकासी की समस्या और गंभीर हो जाती है।
'बिल समय पर लेते हैं तो सुरक्षित बिजली लाइन क्यों नहीं?
रहवासियों का कहना है कि बिजली का बिल समय पर जमा नहीं करने पर विभाग कनेक्शन काटने की कार्रवाई करता है, लेकिन उपभोक्ताओं को सुरक्षित और व्यवस्थित विद्युत लाइन उपलब्ध कराने की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। लोगों ने जिला प्रशासन और विद्युत विभाग से मौके का निरीक्षण कर आवश्यक संख्या में विद्युत पोल लगाने तथा सुरक्षित तरीके से लाइन बिछाने की मांग की है।
रहवासियों ने सड़क और नाली का निर्माण कराने की भी मांग की है। उनका कहना है कि क्षेत्र में बड़ी संख्या में परिवार और बच्चे रहते हैं, इसलिए किसी संभावित दुर्घटना का इंतजार करने के बजाय प्रशासन को तत्काल सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए।

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |