विज्ञापन

Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

Breaking Posts

Right Post

भोर में खेत पर गए किसान की गोली मारकर हत्या

छतरपुर। शहर के ओरछा रोड थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गौरगांय में बुधवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। यहां एक किसान  की खेत पर बने एक कमरे के भीतर गोली मारकर हत्या कर दी गई। किसान सुबह रोज की तरह अपने खेत पर बंधी भैंसों का दूध निकालने के लिए घर से निकले थे। जब वे काफी देर तक घर नहीं लौटे, तो परिजन उन्हें तलाशते हुए खेत पहुंचे, जहां उनका शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। किसान के सिर पर गोली लगने के गंभीर निशान पाए गए हैं और घटनास्थल से एक प्रयुक्त बुलेट भी बरामद हुई है।घटना का खुलासा उस वक्त हुआ जब मृतक 45 वर्षीय किसान शिवराम उर्फ शेरा यादव की पत्नी श्याम यादव अपने पति की खोजबीन करते हुए खेत पर पहुंचीं। उन्होंने बताया कि वे सुबह करीब 6 बजे खेत पर पहुंची थीं। जहां उनके पति खून से लथ-पथ पड़े हुए थे। पति को इस हालत में देख वह घबरा गई और शोर मचाया। चीख सुनकर परिवार के अन्य लोग और आसपास के लोग दौड़ते हुए आए। मौके पर बहुत सारा खून बिखरा पड़ा था और मृतक के शरीर से लगातार खून की पिचकारियां निकल रही थीं। मृतक की पत्नि ने किसी पर सीधा शक होने की बात से इंकार किया है। वहीं मृतक शेरा यादव के बड़े भाई बृजकिशोर यादव ने बताया कि शेरा सुबह बिना बताए 4 से 5 बजे के बीच खेत की तरफ आ गया था। जब बहू खेत पर पहुंची और उसने रोना-चिल्लाना शुरू किया, तब सभी लोग दौड़कर पहुंचे। बृजकिशोर के मुताबिक शेरा के सिर में गंभीर चोट है और साफ तौर पर गोली के जैसे निशान दिखाई दे रहे हैं। बृजकिशोर ने भी किसी से पुरानी रंजिश होने या सीधे तौर पर किसी पर शक होने की बात से इंकार किया है।

एक सप्ताह पहले लापता हुआ था मृतक-
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार मृतक शेरा यादव करीब एक सप्ताह पहले अचानक बिना बताए घर से कहीं चले गए थे। उस दौरान परिजनों ने उनकी गुमशुदगी की सूचना रिश्तेदारों में साझा करने के साथ सोशल मीडिया पर भी पोस्ट डाली थी। हालांकि कुछ समय बाद वे सकुशल वापस घर लौट आए थे और सामान्य जीवन जी रहे थे। बहरहाल गोली मारकर हत्या किए जाने के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
पुलिस को मौके पर मिली बुलेट, बारीकी से की जा रही जांच-
घटना स्थल का निरीक्षण करने पहुंचे एसपी रजत सकलेचा ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही ओरछा रोड थाना पुलिस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम मौके पर पहुंच गई थी। घटनास्थल का बारीकी से मुआयना करने के बाद शव का पंचनामा तैयार कर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए उन्होंने स्वयं घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि मृतक शिवराम यादव का शव बुधवार सुबह उनकी पत्नी को खेत पर मिला है। प्राथमिक रूप से यह मामला गोली चलने का प्रतीत हो रहा है और घटनास्थल से एक बुलेट भी बरामद की गई है। पुलिस को गांव का एक सीसीटीवी फुटेज भी मिला है, जिसमें मृतक सुबह के समय खेत की तरफ आते दिखाई दे रहे हैं। परिजनों के विस्तृत बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पूर्व के सभी पहलुओं और तकनीकी साक्ष्यों को ध्यान में रखकर ही किसी अंतिम निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |