छतरपुर। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। मनिहारी मोहल्ला निवासी एक युवक ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर शराब ठेकेदारों पर दबाव बनाने, धमकी देने और झूठे मामलों में फंसाने के आरोप लगाए हैं।पीडि़त युवक ने बताया कि वह पहले शराब ठेकेदारों के लिए काम करता था, लेकिन अब यह काम छोड़कर मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहा है। उसका आरोप है कि ठेकेदार प्रवीण पांडे और नवीन पांडे उस पर दोबारा अवैध शराब बेचने का दबाव बना रहे हैं।
युवक के अनुसार, मना करने पर उसे झूठे मामलों में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी जा रही है। साथ ही ठेकेदार का कर्मचारी मुकेश शिवहरे पुलिस के साथ मिलकर उस पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहा है और झूठी सूचनाएं देकर कार्रवाई करवाने का प्रयास कर रहा है।पीडि़त ने बताया कि 2 मई को कोतवाली पुलिस उसके घर पहुंची और तलाशी ली, लेकिन कोई आपत्तिजनक सामान नहीं मिला। इसके बावजूद उसे लगातार परेशान किया जा रहा है।युवक ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और उसे व उसके परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है। उसने बताया कि उसके परिवार में गर्भवती पत्नी और तीन बेटियां हैं, जिनकी सुरक्षा को लेकर उसे लगातार डर बना हुआ है।

