छतरपुर। जिले में बिजली बिलों को लेकर आमजन की परेशानियां थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला एक बुजुर्ग मजदूर विहारी प्रजापति का सामने आया है, जिसने कलेक्टर की जनसुनवाई में पहुंचकर अपनी व्यथा सुनाई। पीडि़त के अनुसार वह कच्चे मकान में रहता है, जहां केवल एक बल्ब और एक पंखा ही उपयोग में है, इसके बावजूद उसे पहले 46,168 रुपए का बिजली बिल थमा दिया गया, जो बढ़कर करीब 72 हजार रुपए तक पहुंच गया।
मोन्टी प्रजापति निवासी ललौनी ने बताया कि मेरे पिताजी दो साल पहले खत्म हो गए थे। इतनी बड़ी राशि जमा करना उसके लिए संभव नहीं है, क्योंकि वह मजदूरी कर अपना जीवन यापन करता है। वहीं बिजली विभाग द्वारा बिल जमा न करने पर कुर्की की कार्रवाई का नोटिस भी जारी कर दिया गया है। नोटिस में सात दिनों के भीतर राशि जमा करने के निर्देश दिए गए हैं, अन्यथा भू-राजस्व संहिता के तहत संपत्ति कुर्क करने की चेतावनी दी गई है।मामले को लेकर जिला पंचायत सीईओ ने संज्ञान लेते हुए जांच कर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। वहीं बिजली विभाग के एई केएस घोषी ने कहा कि यह मामला आरईएस से जुड़ा है, रिकॉर्ड निकलवाकर जांच कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि कुर्की नोटिस विभागीय प्रक्रिया का हिस्सा है, लेकिन बिल अधिक कैसे आया, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि इसमें बिजली विभाग और उपभोक्ता दोनों की लापरवाही है उपभोक्ता समय पर बिजली का बिल जमा नहीं करता इसलिए बिल बढ़ जाता है।

