छतरपुर। हरपालपुर के वार्ड क्रमांक 10 राजा कॉलोनी में 11 हजार केवी हाईटेंशन लाइन लोगों की जान पर खतरा बन गई है। हाल ही में दो युवक इस लाइन की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए, जिनका इलाज अस्पताल में जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया और वार्डवासियों ने हरपालपुर थाने पहुंचकर ज्ञापन सौंपा।स्थानीय लोगों का आरोप है कि हाईटेंशन लाइन कई मकानों की छतों के ऊपर से गुजर रही है, जिससे लगातार हादसे हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी कई लोग और मवेशी इस लाइन की चपेट में आकर घायल हो चुके हैं, लेकिन विद्युत विभाग द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
वार्डवासियों ने ज्ञापन में मांग की है कि लाइन को जल्द सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया जाए या फिर आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए जाएं। उन्होंने थाना प्रभारी राजेश सिंह सिकरवार से भी हस्तक्षेप कर विद्युत विभाग को पत्र लिखकर समस्या के समाधान की मांग की है।

