छतरपुर। जिले में अवैध शराब के कारोबार को लेकर एक बार फिर गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। गढ़ी मलहरा थाना क्षेत्र के निवारी गांव में आधी रात कुछ लोगों ने शराब दुकान पर धावा बोल दिया और तलवार, लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस घटना में दो लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार, शराब ठेकेदार रवि लखेरा पर राजा ढाबा से जुड़े लोगों ने हमला किया। घटना अवैध शराब के कारोबार को लेकर विवाद के चलते बताई जा रही है। हमलावरों ने अचानक पहुंचकर जमकर मारपीट की, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग हथियारों के साथ हमला करते दिखाई दे रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए धीरेन्द्र सिंह, ज्ञानेंद्र सिंह, शुभम सिंह और अनुराग के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।

