छतरपुर। जिले में एक बार फिर लुटेरी दुल्हन का मामला सामने आया है, जहाँ एक गरीब परिवार को शादी के नाम पर ठगी का शिकार बनाया गया। सिविल लाइन थाना क्षेत्र की दुर्गा कॉलोनी में रहने वाले मनोज अहिरवार के साथ हुई इस धोखाधड़ी ने पूरे परिवार को सड़क पर ला खड़ा किया है।
पीडि़त मनोज अहिरवार (मूल निवासी ग्राम सैला) की शादी बीते 24 अप्रैल 2026 को जटाशंकर धाम में आकांक्षा नाम की युवती से हुई थी। यह विवाह पड़ोस में रहने वाले विक्की सेन नामक बिचौलिये ने लगभग डेढ़ लाख रुपए लेकर तय कराया था। शादी के बाद परिवार खुशी-खुशी अपने पैतृक गांव सैला चला गया था, जहाँ वैवाहिक रस्में पूरी की जा रही थीं।शादी के दो दिन बाद ही वारदात
ठगी की पटकथा 26 अप्रैल को लिखी गई, जब दुल्हन आकांक्षा ने साड़ी खरीदने की इच्छा जताई। पति मनोज, बिचौलिया विक्की सेन और एक अन्य साथी आकाश प्रजापति उसे महाराजपुर बाजार ले गए। बाजार की भीड़ का फायदा उठाकर दुल्हन गहने और कीमती सामान समेटकर वहां से चंपत हो गई। चौंकाने वाली बात यह है कि दुल्हन के साथ-साथ बिचौलिया विक्की और आकाश भी मौके से गायब हो गए।पीडि़त पति मनोज ने जब बिचौलिये विक्की सेन को फोन लगाया, तो उसने पैसे लौटाने के बजाय गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। मनोज के पिता अच्छेलाल अहिरवार ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि हमने अपना घर गिरवी रखकर बेटे की शादी के लिए पैसे जुटाए थे। हमें क्या पता था कि हमारे साथ ऐसा धोखा होगा। अब न पैसा बचा है और न ही बहू। पीडि़त परिवार ने सिविल लाइन थाने में आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और लूटे गए जेवरात व पैसे वापस दिलाने की मांग की है।बाजार जाने के बहाने हुई फरार

