छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में एक बर्बर हत्याकांड ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। चंदला थाना क्षेत्र के ग्राम बल्कौरा में 30 वर्षीय शिवबरन उर्फ पप्पू अहिरवार ने अपनी आठ माह की गर्भवती पत्नी पिंकी अहिरवार का फरसे से गला काटकर निर्मम हत्या कर दी। आरोपी को पत्नी पर अवैध संबंधों का शक था। हत्या करने के बाद वह खुद चंदला थाने पहुंचा और पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पप्पू अहिरवार ने बताया कि उसकी पत्नी पिंकी दिनभर मोबाइल पर रील्स बनाने में व्यस्त रहती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लगातार झगड़े होते थे। पति को शक था कि पत्नी के अवैध संबंध हैं, जिसके चलते उसने गुस्से में आकर यह जघन्य अपराध कर दिया।वारदात छतरपुर से करीब 90 किलोमीटर दूर बल्कौरा गांव में हुई। छह साल पहले लवकुशनगर थाना क्षेत्र के मुड़ेरी गांव में पिंकी से पप्पू की शादी हुई थी। दंपति के दो छोटे बच्चे हैं और पिंकी आठ माह की गर्भवती थी।
हत्या के बाद पप्पू अहिरवार सीधे चंदला थाने पहुंचा और पुलिस को पूरी घटना बताते हुए सरेंडर कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने फरसा समेत अन्य सबूत बरामद कर लिए हैं। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड भी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।
चंदला थाना प्रभारी श्रद्धा शुक्ला ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है। परिवार के सदस्यों ने भी बताया कि दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे और कई बार समझाइश दी गई थी, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि मामला इतना भयानक रूप ले लेगा।
एएसपी आदित्य पटले ने बताया कि चंदला थाना क्षेत्र अंतर्गत एक हत्या का मामला सामने आया है। एक आरोपी द्वारा अपनी पत्नि की हत्या कर दी गई है। इसमें जो कारण निकलकर आ रहे हैं वो ये हैं कि आरोपी पति अपनी पत्नि के आचरण पर शक करता था इसी के चलते उसने फरसे से पत्नि की हत्या कर दी है। इसमें पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को भी हिरासत में ले लिया है। पत्नि के द्वारा सोशल मीडिया पर ज्यादा एक्टिविटी थी जिसको लेकर पति द्वारा प्रश्नचिन्ह खड़े किए जा रहे थे। इसी को लेकर आक्रोश में पति के द्वारा यह घटना घटित की गई है।

