अनवर रजा रानू
बांदा। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शहर कोतवाली क्षेत्र के ईदगाह इलाके में एक 30 वर्षीय विवाहिता को कथित रूप से ससुराल पक्ष द्वारा जिंदा जलाकर मौत के घाट उतार दिया गया। घटना में महिला का पति और एक मासूम बच्ची भी झुलस गए हैं, जिनका इलाज अस्पताल में जारी है।
जानकारी के अनुसार, बाबूलाल चौकी अंतर्गत ईदगाह इलाके में घर के अंदर आग लगने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। वहां एक महिला का जला हुआ शव मिला, जबकि उसका पति और करीब 5 वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से झुलसी हालत में पाए गए। पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाहिता को पिछले कई वर्षों से ससुराल पक्ष द्वारा प्रताड़ित किया जा रहा था। आरोप है कि घटना की रात सास, ससुर, देवर और देवरानी ने महिला के साथ मारपीट की। सुबह करीब 4 बजे घर लौटे पति ने भी कथित रूप से पत्नी के साथ मारपीट की। इसके बाद महिला को आग के हवाले कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि जब महिला आग की लपटों में घिरकर चीखने लगी तो परिवार के लोग घबरा गए। पति ने आग बुझाने का प्रयास किया, जिसमें वह स्वयं झुलस गया और पास में मौजूद बच्ची भी आग की चपेट में आ गई। हालांकि तब तक महिला की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
घटना का खुलासा मृतका के लगभग 6 वर्षीय बेटे के बयान से हुआ, जिसने पूरी घटना की जानकारी दी।
मायके पक्ष के परिजन, जो छतरपुर से घटना की सूचना मिलते ही बांदा पहुंचे, ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतका के भाई का कहना है कि शादी के 10 साल बाद भी उनकी बहन को कभी सुख नहीं मिला और उसे लगातार प्रताड़ित किया जाता था। उन्होंने आरोप लगाया कि ससुराल वालों ने योजनाबद्ध तरीके से हत्या की है।
वहीं मृतका के मामा ने आरोप लगाया कि पहले महिला को बुरी तरह पीटा गया और फिर जिंदा जलाकर हत्या कर दी गई। घटना को हादसा दिखाने के लिए सिलेंडर में आग लगने की कहानी गढ़ी गई। उन्होंने यह भी दावा किया कि ससुराल पक्ष के कुछ लोग घटना के बाद फरार हो गए हैं।
दूसरी ओर, घायल पति ने अस्पताल में दिए बयान में घटना को हादसा बताया है। उसका कहना है कि सोते समय अचानक गद्दे में आग लग गई, जिससे उसकी पत्नी जल गई और आग बुझाते समय वह और उसकी बच्ची झुलस गए।
इस मामले में अपर पुलिस अधीक्षक मेविस टॉक ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं है। एक महिला की मौत हुई है, जबकि अन्य घायलों का इलाज चल रहा है। मायके पक्ष की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि महिला के साथ आग से पहले मारपीट की गई थी या नहीं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और जल्द ही सच्चाई सामने आने की बात कही जा रही है।

