छतरपुर। थाना राजनगर पुलिस ने नकली सोने के सिक्कों को असली बताकर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का मात्र 24 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया तथा उनके पास से धोखाधड़ी के 5 लाख 5 हजार रुपये नकद और प्रयुक्त नकली सोने के सिक्के बरामद किए हैं।
विगत दिवस थाना राजनगर क्षेत्र के राजा मार्केट निवासी निशांत सोनी ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपियों ने नकली सोने के सिक्के को असली सोने के सिक्के बताकर उनसे 5 लाख 5 हजार रुपये की धोखाधड़ी की। रिपोर्ट पर थाना राजनगर में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया था।पुलिस टीम ने त्वरित विवेचना शुरू की और तकनीकी व गुप्त सूत्रों के आधार पर छानबीन करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में बब्बू अहिरवार (निवासी ग्राम मोटे पुरवा नहरी, थाना नरैनी, जिला बांदा), रामकेश अहिरवार (निवासी ग्राम बरकोला, थाना अजयगढ़, जिला पन्ना), कमलेश आदिवासी (निवासी ग्राम नहदौरा, थाना राजनगर, जिला छतरपुर) और मनोज विश्वकर्मा (निवासी ग्राम पाय, थाना राजनगर, जिला छतरपुर) शामिल हैं।
अभियुक्त रामकेश अहिरवार पहले से चोरी और मारपीट जैसे दो आपराधिक मामलों में लिप्त बताया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पूरा धोखाधड़ी किया गया 5 लाख 5 हजार रुपये नकद तथा नकली सोने के सिक्के भी बरामद कर लिए हैं।
यह सफल कार्रवाई एसडीओपी खजुराहो मनमोहन बघेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी राजनगर निरीक्षक अतुल झा, उपनिरीक्षक सैयद समीमुलहक, प्रभारी आरक्षक विक्रम रेले, जनक सिंह, रमाकांत तिवारी, संदीप तिवारी, राजाराम प्रजापति, शेख आसिफ और पूरी टीम के प्रयासों से संभव हो सकी।

