छतरपुर। छतरपुर पुलिस की कड़ी मशक्कत के बाद नवंबर 2024 में शॉर्ट एनकाउंटर में पकड़ा गया कुख्यात अपराधी एक बार फिर पुलिस को चकमा देकर भाग गया है। दरअसल अपराधी को बीते रोज इलाज के लिए छतरपुर जिला अस्पताल लाया गया था, जहां रात के वक्त मौका पाकर अपराधी भाग निकला। इतना ही नहीं आरोपी जिला अस्पताल के गार्ड की रायफल बंदूक भी साथ ले गया है। इस मामले में चार पुलिसकर्मियों को एसपी ने तत्काल प्रभाव से निलंबित किया, साथ ही आरोपी की गिरफ्तारी पर 10 हजार का इनाम घोषित कर करीब आधा दर्जन पुलिस टीमों को उसकी गिरफ्तारी के लिए रवाना किया गया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक 18 नवंबर 2024 को छतरपुर पुलिस ने ग्राम देरी निवासी 30 हजार के इनामी अपराधी रविन्द्र सिंह परिहार को मातगुवां के पास शॉर्ट एनकाउंटर करके पकड़ा था। इलाज के बाद रविन्द्र सिंह को जेल भेजा गया था। बुधवार की रात को रविन्द्र सिंह की तबियत बिगडऩे पर पुलिस की एक टुकड़ी उसे जिला अस्पताल लेकर आई, जहां कैदी वार्ड में उसका इलाज किया जा रहा था। देर रात वार्ड की सुरक्षा में तैनात आरक्षक राकेश अहिरवार, हरिश्चंद्र अहिरवार, पंकज तिवारी और शिवम शर्मा सो गए और इसी का फायदा उठाकर रविन्द्र सिंह मौके से भाग निकला। जाते-जाते रविन्द्र सिंह ने वार्ड के गेट में बाहर से ताला लगा दिया और गार्ड की रायफल बंदूक भी साथ ले गया। जैसे ही आरोपी के भागने की खबर एसपी अगम जैन को मिली वे तुरंत जिला अस्पताल पहुंचे और सबसे पहले आरक्षक राकेश अहिरवार, हरिश्चंद्र अहिरवार, पंकज तिवारी और शिवम शर्मा को निलंबित किया। इसके बाद एसपी ने 5 टीमें बनाईं जो रविन्द्र सिंह को पकडऩे का प्रयास कर रही हैं। कोतवाली थाना में रविन्द्र सिंह के विरुद्ध पुलिस अभिरक्षा से भागने का मामला दर्ज किया गया है, साथ ही एसपी अगम जैन ने रविन्द्र सिंह की गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया है।
इनका कहना
एसपी अगम जैन ने बताया कि अस्पताल के कैदी वार्ड से एक आरोपी रविंद्र परिहार फरार हो गया है, वह धारा 307 के तहत जेल में था। आरोपी को पकडऩे के लिए पुलिस की टीम त्वरित कार्रवाई कर रही है, इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है, और आरोपी पर 10 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया गया है। फरार आरोपी पर पहले से ही आधा दर्जन से ज्यादा अपराध दर्ज हैं, जिसमें आखिरी केस 307 का था। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को उनकी लापरवाही के चलते सस्पेंड कर दिया गया है, आरोपी भागने के दौरान पुलिस की रायफल भी ले गया, जिसके संबंध में भी केस दर्ज किया गया है। पुलिस की टीमें सीसीटीवी फुटेज में दिखे उसके एक सहयोगी की भी जांच कर रही हैं।
अगम जैन, पुलिस अधीक्षक, छतरपुर
जिला अस्पताल के कैदी वार्ड से फरार हुआ कुख्यात अपराधी
9/11/2025 11:17:00 pm

