छतरपुर। कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी की कथित अभद्र टिप्पणी के खिलाफ भाजपा महिला मोर्चा ने तीखा विरोध जताया। बिहार में इंडी गठबंधन की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी स्वर्गवासी मां पर की गई टिप्पणी ने देशभर में बवाल मचा दिया है। छतरपुर में भी इस मुद्दे ने तूल पकड़ा, जिसके चलते स्थानीय भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस कार्यालय के बाहर सांकेतिक प्रदर्शन कर अपना गुस्सा जाहिर किया।
सोमवार को छत्रसाल चौक पर स्थित कांग्रेस कार्यालय के बाहर भाजपा महिला मोर्चा ने नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति चौरसिया के नेतृत्व में सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी की और उनकी टिप्पणी को महिलाओं का अपमान बताया। ज्योति चौरसिया ने कहा कि राहुल गांधी को महिलाओं का सम्मान करना नहीं आता, और उनकी इस हरकत ने पूरे देश को शर्मसार किया है। वहीं जिला मंत्री कमलेश राय ने चेतावनी दी कि यदि राहुल गांधी ने तुरंत माफी नहीं मांगी, तो भाजपा महिला मोर्चा उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा। प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी मुर्दाबाद के नारे गूंजे, और कार्यकर्ताओं ने मांग की कि कांग्रेस नेता अपनी टिप्पणी वापस लें और देश से माफी मांगें।