छतरपुर। पन्ना टाईगर रिजर्व अंतर्गत आने वाले छतरपुर जिले के चंद्रनगर वन परिक्षेत्र में एक जंगली सुअर का शिकार किए जाने का मामला सामने आया है। वन विभाग द्वारा इस मामले में एक एक ढाबा संचालक को गिरफ्तार किया गया है, जो कि मांस को पका रहा था। इसके अलावा शिकारी तथा मांस का परिवहन करने वाले अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
चंद्रनगर वन परिक्षेत्र के रेंजर मयंक शर्मा ने बताया कि दो दिन पहले चंद्रनगर के समीप संचालित एक ढाबा पर जंगली सुअर का मांस पकाए जाने की सूचना मिली थी, जिसके आधार पर दबिश देकर उन्होंने मांस पका रहे ढाबा संचालक खजुराहो निवासी लाल सिंह को गिरफ्तार किया था। ढाबा संचालक द्वारा कुछ अन्य लोगों के नाम बताए गए हैं, जिनके द्वारा सुअर का शिकार किए जाने के बाद मांस उस तक पहुंचाया गया था। श्री शर्मा ने बताया कि वन परिक्षेत्र के एक स्थान से जंगली सुअर की खाल तथा पूंछ भी बरामद की गई है। प्रकरण के अन्य आरोपियों की तलाश जारी है, वन विभाग ने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया है।