छात्रावास से छात्र के लापता होने के बाद व्यवस्था पर उठे सवाल, गढ़वाली रोड स्थित कृपाराम कुशवाहा के छात्रावास की जांच की मांग।
नौगांव, छतरपुर। नौगांव शहर में छात्रावासों के संचालन और उनकी निगरानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोप है कि शहर में कुछ छात्रावास बिना आवश्यक पंजीयन और पुलिस को सूचना दिए संचालित किए जा रहे हैं। बीते रोज एक छात्रावास से एक छात्र के लापता होने की सूचना नौगांव थाने में दर्ज कराए जाने के बाद यह मामला और गंभीर हो गया है।
इसी बीच शहर के गर्रोली रोड पर संचालित एक छात्रावास को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। जानकारी के अनुसार, यहां कृपाराम कुशवाहा द्वारा एक आवासीय मकान में छात्रावास संचालित किया जा रहा है। आरोप है कि इस छात्रावास का न तो आवश्यक पंजीयन कराया गया है और न ही इसकी संचालन संबंधी जानकारी पुलिस प्रशासन को दी गई है। बताया जा रहा है कि यह छात्रावास लंबे समय से संचालित हो रहा है।
आखिर किसकी अनुमति और संरक्षण में चल रहा छात्रावास?
सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि छात्रावास का पंजीयन नहीं है और पुलिस को भी इसकी जानकारी नहीं दी गई है, तो आखिर इतने लंबे समय से यह संचालन कैसे जारी है? क्या संबंधित विभागों को इसकी जानकारी नहीं है या फिर जिम्मेदार अधिकारियों ने अब तक इसकी जांच करना जरूरी नहीं समझा?
छात्रों की सुरक्षा से खिलवाड़ तो नहीं?
छात्रावासों में दूसरे शहरों और गांवों से आकर बच्चे रहते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा, रहने की व्यवस्था, संचालक की जिम्मेदारी और छात्रों का पूरा रिकॉर्ड होना बेहद जरूरी है। यदि कोई छात्र लापता होता है या उसके साथ कोई अप्रिय घटना घटती है, तो जवाबदेही किसकी होगी?
प्रशासन से जांच और कार्रवाई की मांग
इस मामले में जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और संबंधित शिक्षा विभाग से मांग उठ रही है कि गढ़वाली रोड स्थित कृपाराम कुशवाहा के छात्रावास सहित शहर में संचालित सभी निजी छात्रावासों की जांच कराई जाए। उनके पंजीयन, पुलिस को दी गई सूचना, छात्रों के रिकॉर्ड, सुरक्षा व्यवस्था और संचालन की वैधता की जांच होनी चाहिए।
अब देखना होगा कि छात्र के लापता होने की घटना के बाद प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेता है और बिना आवश्यक अनुमति या पंजीयन के छात्रावास संचालन की शिकायतों पर क्या कार्रवाई करता है।
सवाल बरकरार है—बच्चों की सुरक्षा की जिम्मेदारी आखिर किसकी है और जिम्मेदार विभाग अब तक क्या कर रहे थे?

