नौगांव। दीपावली के पावन पर्व को देखते हुए आम नागरिकों को मिलावटमुक्त और शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। जिला कलेक्टर के सख्त निर्देशों के अनुपालन में खाद्य एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को नौगांव और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में मिठाई की दुकानों पर औचक निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने बिलहरी और नौगांव के कोठी चौराहे पर स्थित प्रसिद्ध शांति स्वीट्स भंडार पर पहुंचकर भारी मात्रा में खोवा की जांच की और कुल 75 किलो खोवा के सैंपल लेकर उन्हें सुरक्षित रूप से सील कर दिया।
शुक्रवार को की गई इस छापामार कार्रवाई के दौरान फूड इंस्पेक्टर वंदना जैन और नायब तहसीलदार प्रदीप राजपूत के नेतृत्व में प्रशासनिक अमला सक्रिय रहा। टीम ने दुकानों पर पहुंचकर खोवा की गुणवत्ता की मौके पर ही जांच की और संदेह के आधार पर नमूने एकत्रित किए।
कार्रवाई के संबंध में जानकारी देते हुए नायब तहसीलदार प्रदीप राजपूत ने बताया कि त्योहारी सीजन में आम जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों पर नकेल कसना प्रशासन की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री को रोकने के लिए जिलेभर में लगातार विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है और मिठाई विक्रेताओं की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
वहीं, फूड इंस्पेक्टर वंदना जैन ने बताया कि जब्त किए गए 75 किलो खोवे के नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य स्तरीय प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जब तक जांच रिपोर्ट नहीं आ जाती, तब तक संबंधित खोवे को पूरी तरह से पैक करके सुरक्षित रखवा दिया गया है ताकि उसका उपयोग या बिक्री न हो सके। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि आने वाले दिनों में नगर की अन्य सभी मिठाई और खाद्य सामग्री की दुकानों पर भी इस प्रकार की औचक जांच और सैंपलिंग का दौर लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस अचानक हुई सख्त कार्रवाई से स्थानीय मिठाई और खाद्य सामग्री विक्रेताओं में हड़कंप मच गया है, जिससे बाजार में हिलावटखोरों के बीच कड़ा संदेश गया है।

