35 वर्षीय समोसा दुकानदार की मौत से परिवार में मचा कोहराम, घर में पसरा मातम; पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
बांदा, उत्तर प्रदेश। जिले के बबेरू कोतवाली क्षेत्र के दतौरा गांव में घर की विद्युत लाइन ठीक करते समय करंट लगने से 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और गांव में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दतौरा गांव निवासी शिवबिलास पुत्र शिरोमणि, उम्र 35 वर्ष, अंडौली स्टॉप के पास समोसे की दुकान चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। रोजाना की तरह शाम को दुकान बंद करने के बाद वह घर पहुंचे थे। इसी दौरान वह घर की बिजली लाइन ठीक करने लगे। काम करते समय अचानक वह करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
घटना के बाद परिजन आनन-फानन में युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बबेरू लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर है।
शिवबिलास अपने परिवार की आजीविका का सहारा थे। उनकी अचानक हुई मौत से परिवार के सामने दुख के साथ-साथ रोजी-रोटी का संकट भी खड़ा हो गया है।

