608 आवेदनों पर हुई सुनवाई, 503 का मौके पर निराकरण; 13 हितग्राहियों को सौंपी गई स्वामित्व योजना की रजिस्ट्री
छतरपुर। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को नगरपालिका परिषद छतरपुर के प्रांगण में जनसमस्या निवारण एवं हितग्राही लाभ वितरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने आमजन की समस्याएं सुनीं और विभिन्न शासकीय योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को मौके पर लाभान्वित किया। शिविर में कुल 608 आवेदनों पर सुनवाई की गई, जिनमें से 503 आवेदनों का निराकरण किया गया। वहीं, विभिन्न योजनाओं के माध्यम से 146 हितग्राहियों को लाभ प्रदान किया गया।शिविर का शुभारंभ छतरपुर विधायक ललिता यादव, नगरपालिका अध्यक्ष ज्योति चौरसिया एवं सागर संभाग के कमिश्नर दिलीप कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर कलेक्टर मृणाल मीना, पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा, जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
13 हितग्राहियों को मिली स्वामित्व योजना की रजिस्ट्री
शिविर के दौरान विधायक, कमिश्नर एवं कलेक्टर ने हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ वितरित किया। स्वामित्व योजना के अंतर्गत 13 हितग्राहियों को मौके पर रजिस्ट्री सौंपी गई। रजिस्ट्री मिलने पर हितग्राहियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। अधिकारियों ने बताया कि शिविर का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण करना और पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है।
लाड़ली बहना से लेकर आवास और पेंशन योजना तक मिला लाभ
शिविर में मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना के 6, मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के 3, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के 2, प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के 7 एवं ग्रामीण के 6 हितग्राहियों को लाभ दिया गया। इसके अलावा निकाय की पेंशन योजना के 50, श्रम कार्ड के 6, पीएम स्वनिधि के 12 तथा जन्म प्रमाण पत्र के 8 हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया।वहीं उत्कृष्ट छात्र योजना के अंतर्गत 2 विद्यार्थियों को लैपटॉप राशि के चेक, 6 हितग्राहियों को विवाह पंजीयन तथा कृषि विभाग की ओर से 25 हितग्राहियों को बीज वितरण प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इसके साथ ही स्वामित्व योजना के 13 हितग्राहियों को रजिस्ट्री सौंपी गई।
उद्यमियों ने उठाई बिजली समस्या, कमिश्नर ने दिए समाधान के निर्देश
शिविर के दौरान कमिश्नर दिलीप कुमार ने जिले के उद्यमियों के साथ उद्यम संवाद भी किया। इस दौरान उद्यमियों ने औद्योगिक क्षेत्र चंद्रपुर में बिजली की लोड संबंधी समस्या से अवगत कराया। कमिश्नर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अधीक्षण यंत्री एमपीईबी को समस्या का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए।इसके साथ ही जिले में ग्रेनाइट कटिंग एवं पॉलिशिंग उद्योग को बढ़ावा देने के लिए ग्रेनाइट क्लस्टर विकसित करने के संबंध में आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए गए।
शिविर के माध्यम से जहां एक ओर सैकड़ों आवेदनों पर सुनवाई कर समस्याओं के निराकरण की पहल की गई, वहीं दूसरी ओर पात्र हितग्राहियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया।

