विज्ञापन

Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

Breaking Posts

Right Post

बक्सवाहा में पत्रकार व व्यापारी मनीष जैन पर प्राणघातक हमला

छतरपुर। बक्सवाहा नगर के निवासी पत्रकार, व्यापारी एवं समाजसेवी मनीष जैन तथा उनके परिवार पर हुए प्राणघातक हमले को लेकर जैन समाज और कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) जिला छतरपुर में गहरा आक्रोश व्याप्त है। शुक्रवार को सकल दिगंबर जैन समाज और कैट के पदाधिकारियों ने छतरपुर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर एसपी को ज्ञापन सौंपा।  उन्होंने घटना में शामिल आरोपियों के खिलाफ तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी से कड़ी धाराओं के तहत दंडात्मक कार्रवाई करने की मांग की है।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि 24 सितंबर 2026 को दोपहर लगभग 11 बजे मनीष जैन अपनी पत्नी श्रीमती सीमा जैन व परिवार के साथ जैन मंदिर से पूजा-अर्चना कर अपने घर लौट रहे थे। पर्युषण पर्व के दौरान उपवास पर चल रहे मनीष जैन जब नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण सोनी के घर के सामने से गुजर रहे थे, तभी पूर्व से घात लगाकर बैठे 9 से 10 लोगों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि मदन गोपाल, सदन गोपाल, बृजगोपाल, योगेश, संकल्प, अनिरुद्ध, बिट्टू, शिवा उर्फ सालू सोनी, प्रांशू एवं अन्य अज्ञात लोगों ने लाठी-डंडों और घातक धारदार हथियारों से उन पर अचानक हमला कर दिया। परिजनों और राहगीरों के बीच-बचाव व मिन्नतें करने के बावजूद हमलावर काफी देर तक मारपीट करते रहे।
इस हमले में मनीष जैन को गंभीर चोटें आई हैं और उनकी नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें इलाज के लिए बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज सागर में भर्ती कराया गया है। बताया गया है कि मनीष जैन द्वारा बक्सवाहा नगर पंचायत से संबंधित विभिन्न वित्तीय गड़बडिय़ों और अनियमितताओं को पत्रकारिता के माध्यम से उजागर किया जा रहा था, जिसे हमले की मुख्य पृष्ठभूमि माना जा रहा है।
कैट जिलाध्यक्ष आनंद अग्रवाल और सकल दिगंबर जैन समाज के प्रतिनिधियों ने मांग की है कि मामले में निष्पक्ष जांच कराकर भारतीय न्याय संहिता की कठोर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जाए। इसके साथ ही वारदात स्थल के पास के सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल वीडियो व अन्य साक्ष्यों को सुरक्षित कर पीडि़त परिवार एवं गवाहों को सुरक्षा प्रदान की जाए। संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि दोषियों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापारी व समाज कड़ा कदम उठाने के लिए बाध्य होंगे।  

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |