ग्वालियर से रीवा जा रहा था ट्रक, ओरछा रोड थाना क्षेत्र के कैडी ब्रिज के पास हुआ हादसा।
छतरपुर। जिले के ओरछा रोड थाना क्षेत्र में सोमवार को शराब से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि उसमें लदी महंगी शराब की पेटियां सड़क पर बिखर गईं। बताया जा रहा है कि ट्रक में IB ब्रांड की करीब 1300 पेटियां लदी थीं, जिनकी अनुमानित कीमत डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार शराब से लदा ट्रक ग्वालियर से रीवा की ओर जा रहा था। इसी दौरान ओरछा रोड थाना क्षेत्र के कैडी ब्रिज के पास चालक अचानक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही ओरछा रोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। हादसे में ट्रक चालक और खलासी को हल्की चोटें आई हैं। पुलिस ने शराब की पेटियों को सुरक्षित कब्जे में लेकर ट्रक को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्राथमिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और वाहन का अनियंत्रित होना बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

