पन्ना। सोशल मीडिया पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। कोतवाली थाना पन्ना पुलिस ने इस मामले में सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित एक्स (पूर्व ट्विटर) यूजर के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। घटना के बाद राजनीतिक माहौल में भी हलचल देखी जा रही है।जानकारी के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी की जिला उपाध्यक्ष श्रीमती पूनम यादव द्वारा की गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने सचिन मौर्य नामक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोप है कि उक्त यूजर ने अपने एक्स हैंडल से केंद्रीय गृह मंत्री के खिलाफ अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणी पोस्ट की थी, जिससे न केवल व्यक्तिगत छवि को ठेस पहुंचाने का प्रयास हुआ बल्कि राजनीतिक और सामाजिक वातावरण पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ा।पुलिस ने मामले को गंभीर मानते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 352, 353(2), 356(1) और 196(1) के तहत प्रकरण कायम किया है। इन धाराओं के अंतर्गत आपराधिक कृत्य, आपत्तिजनक आचरण, मानहानि एवं वैमनस्य फैलाने जैसे पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।शिकायत में उल्लेख किया गया है कि संबंधित पोस्ट में आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग करते हुए एक महिला की तस्वीर भी साझा की गई, जिस पर कई लोगों द्वारा प्रतिक्रियाएं दी गईं। इससे भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं में आक्रोश व्याप्त हो गया और इसे पार्टी की छवि धूमिल करने का प्रयास बताया गया। शिकायतकर्ता ने यह भी आशंका जताई कि ऐसी पोस्ट से सामाजिक सौहार्द बिगड़ सकता है और लोक शांति प्रभावित हो सकती है।घटना के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में रोष का माहौल देखा जा रहा है। स्थानीय स्तर पर इस मुद्दे को लेकर चर्चाएं तेज हैं और कड़ी कार्रवाई की मांग उठ रही है।

