नौगांव। शासकीय बापू डिग्री कॉलेज नौगांव (प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस) के मुख्य गेट के सामने गंभीर अतिक्रमण हो गया है। प्रशासन द्वारा लाखों रुपये की लागत से बनाया गया यह मुख्य गेट आजकल सिर्फ दिखावे का बनकर रह गया है। गेट लगातार बंद रहता है, जिसकी वजह से स्थानीय लोगों ने उसके सामने अतिक्रमण कर लिया है।कॉलेज प्रशासन और नगर प्रशासन की लापरवाही के कारण यह गेट कभी खुलता ही नहीं है। परिणामस्वरूप मुख्य द्वार के सामने अतिक्रमण बढ़ गया है, जो न केवल कॉलेज की सुंदरता बिगाड़ रहा है बल्कि सुरक्षा की दृष्टि से भी बड़ा खतरा बन गया है। किसी भी समय यहां कोई दुर्घटना हो सकती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पूरे नौगांव नगर में अतिक्रमण हटाने की मुहिम चलाई गई थी, लेकिन कॉलेज के मुख्य गेट के सामने किसी की नजर नहीं पड़ी। जबकि अन्य स्थानों पर अतिक्रमण हटाए गए, यहां पर प्रशासन पूरी तरह उदासीन दिखाई दे रहा है। छात्राओं समेत सभी छात्रों को कॉलेज आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मुख्य गेट बंद होने के कारण उन्हें वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करना पड़ता है, जो असुविधाजनक है।अब सवाल यह उठ रहा है कि अतिक्रमण कब हटाया जाएगा और मुख्य गेट कब तक खोला जाएगा? लाखों रुपये की लागत से बने इस गेट को सिर्फ दिखावे के लिए नहीं, बल्कि उपयोग में लाना चाहिए। कॉलेज प्रशासन और नगर पालिका को तुरंत कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाना चाहिए तथा मुख्य गेट को खोलकर छात्र-छात्राओं को सुविधा प्रदान करनी चाहिए।

