बड़ा मलहरा। पुलिस अनुभाग के बमनोरा थाना अंतर्गत ग्राम कचरा में बीती रात एक घर में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है।घर के सभी सदस्य गहरी नींद में सोते रहे और इसी दौरान अज्ञात चोरों ने मकान में घुसकर लाखों रुपए के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। सुबह जब घटना का पता चला तो पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार ग्राम कचरा निवासी हललन यादव पिता भागवत यादव ने बताया कि वह रात करीब 10 बजे सो गए थे जबकि बच्चे लगभग 12 बजे तक मोबाइल चला रहे थे। इसके बाद करीब साढ़े 12 बजे सभी लोग सो गए। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने घर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।सुबह जब वे रोज की तरह अपने काम में लगे हुए थे, तभी पड़ोसियों ने फोन कर घर के पीछे नाले के पास बुलाया।वहां पहुंचने पर उन्होंने देखा कि उनके आधार कार्ड,पैन कार्ड,बैंक से संबंधित कागजात और अन्य सामग्री बिखरी पड़ी थी।यह देखकर उनके होश उड़ गए।इसके बाद जब वे घर लौटे और उस कमरे को देखा जहां जेवरात और नकदी रखी थी तो वहां सामान अस्त-व्यस्त मिला और कीमती सामान गायब था।
पीडि़त के अनुसार चोर करीब 200 ग्राम सोने के जेवरात, लगभग 3 किलोग्राम चांदी के आभूषण और 60 हजार रुपए नगद लेकर फरार हो गए। चोरी की सूचना मिलते ही गांव के लोग एकत्रित हो गए और पीडि़त ग्रामीणों के साथ थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पीडि़त ने पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि इतनी बड़ी चोरी होने के बावजूद पुलिस द्वारा घटना की कीमत केवल 90 हजार रुपए आंकी जा रही है जबकि चोरी हुए सोने, चांदी और नकदी की वास्तविक कीमत लाखों रुपए है।वहीं बमनोरा थाना प्रभारी शिशिर तिवारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट को बुलाकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरी का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

