विज्ञापन

Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

Breaking Posts

Right Post

थाने में जहर खाने से युवक की मौत, पुलिस पर मारपीट के गंभीर आरोप

छतरपुर। जिले में शुक्रवार को एक सनसनीखेज और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। चंदला थाने में पति-पत्नी के विवाद के दौरान एक युवक ने थाने के अंदर ही जहर खा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान राम विशाल अहिरवार उर्फ रज्जू (22) निवासी नाहर, थाना चंदला के रूप में हुई है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस की कार्यप्रणाली तथा व्यवहार पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

परिजनों का आरोप है कि राम विशाल को चोरी के झूठे शक में पुलिस थाने ले गई थी, जहां उसके साथ मारपीट की गई। मारपीट से आहत होकर युवक ने थाने परिसर में ही जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगडऩे पर पुलिस उसे पहले चंदला अस्पताल ले गई, फिर जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।
मृतक की पत्नी लीला अहिरवार ने बताया कि पति से लंबे समय से मारपीट का विवाद चल रहा था। उसकी भाभी ने चोरी का झूठा आरोप लगाया था। आज पुलिस राम विशाल को थाने ले गई थी। करीब एक घंटे बाद पुलिस ने उसे मौत की सूचना दी। पुलिस पहले चंदला अस्पताल ले गई, फिर छतरपुर जिला अस्पताल रेफर किया, लेकिन रास्ते में ही मौत हो गई। मृतक की मां मुलिया अहिरवार ने पुलिस पर सीधे आरोप लगाते हुए कहा कि बेटे को बड़ी बहू के झूठे चोरी के आरोप पर थाने बुलाया गया था। दोपहर करीब एक बजे पुलिस घर से उठाकर ले गई। थाने के अंदर बेटे के साथ मारपीट की गई, जिसके बाद उसने जहर खा लिया।
एसडीओपी नवीन दुबे ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि राम विशाल की पत्नी लीला ने करीब 10 दिन पहले थाने में आवेदन दिया था कि उसका पति उसे परेशान कर रहा है। इसी आधार पर आज दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया था। दोनों को समझाइश दी जा रही थी। समझाइश के बाद दोनों को बाहर बैठा दिया गया था और पुलिस अन्य कार्यों में लग गई। उसी दौरान युवक ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। पुलिस ने तुरंत उसे चंदला अस्पताल पहुंचाया, जहां हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। परिजनों ने पुलिस पर मारपीट और लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं तथा निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं शाम करीब साढ़े 5 बजे पुलिस अधीक्षक अगम जैन भी जिला अस्पताल पहुंचे और मृतक के परिजनों से बात की।

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |