छतरपुर। पांच दिन पहले सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ढड़ारी रेल्वे ओवरब्रिज के पास एक महिला संदिग्ध अवस्था में पड़ी मिली थी, जिसके हाथ-पैर बंधे हुए थे। पुलिस ने महिला को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया था, जहां होश में आने के बाद महिला ने बयान देते हुए अपने दूसरे पति और उसके दो साथियों पर सामूहिक दुष्कर्म, मारपीट और हाथ-पैर बांधकर फेकने के आरोप लगाए थे। महिला की शिकायत पर सिविल लाइन थाना में महिला के दूसरे पति सहित तीन लोगों पर सामूहिक दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में मामला पंजीबद्ध कर लिया गया है। इसी बीच महिला का दूसरा पति मीडिया के सामने आया है और उसने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए इसे षडयंत्र का हिस्सा बताया है।
रविवार को मीडिया के सामने आए शिकायतकर्ता महिला के दूसरे पति लक्ष्मी राजपूत ने बताया कि, महिला इस तरह से झूठे मामले दर्ज कराने में माहिर है। इससे पहले वह कई और लोगों पर भी छतरपुर और दमोह जिले में मामले दर्ज करा चुकी है। अपने ऊपर लगे आरोपों के संबंध में लक्ष्मी राजपूत का कहना है कि महिला उसकी आधी जमीन हड़पना चाहती है, जिसको लेकर उसने अपने पहले पति के साथ मिलकर यह पूरा षडयंत्र रचा है। लक्ष्मी राजपूत का दावा है कि महिला को उसके पहले पति द्वारा ही षडयंत्र के तहत बांधकर फेका गया और जब पुलिस ने उससे पूछताछ की तो उसने झूठी कहानी सुनाकर मामला दर्ज करा दिया। लक्ष्मी राजपूत के मुताबिक महिला वर्ष 2022 से उससे ब्लैकमैल करती आ रही है। पूर्व में उसने गांव में भी पंचायत लगवाकर आधी जमीन मांगी थी। इतना ही नहीं पहले भी वह एक बार उसके विरुद्ध मामला दर्ज करा चुकी है, जिसमें राजीनामा हुआ था। लक्ष्मी राजपूत का कहना है कि वह पिछले 15 दिनों से गांव में ही है, पुलिस चाहे तो गांव जाकर पूछताछ कर सकती है, उसके मोबाइल की लोकेशन भी जांच सकती है। लक्ष्मी राजपूत ने बताया कि जमीन और पैसों की लालच में महिला ने अपने पहले पति के साथ मिलकर यह षडयंत्र रचा है, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।इनका कहना
महिला के बयानों और उसकी शिकायत पर लक्ष्मी राजपूत सहित तीन लोगों पर मामला दर्ज किया गया है। मामले की बारीकी से जांच की जा रही है, जो भी तथ्य सामने आएंगे, उस आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
वाल्मीकि चौबे, थाना प्रभारी, सिविल लाइन

