छतरपुर। पिछले लगभग एक सप्ताह से जले के अलग-अलग इलाकों में रात के वक्त संदिग्ध ड्रोन उडऩे की खबरों ने लोगों को बेचैन कर दिया है। बीती रात हरपालपुर क्षेत्र के कुछ ग्रामीण इलाकों में ड्रोन दिखने की जानकारी सामने आई है। इससे पहले राजनगर, लवकुशनगर और गौरिहार क्षेत्र में ड्रोन देखे गए थे। कई स्थानों से पुलिस ने ड्रोन जप्त भी किए हैं लेकिन अभी तक पुलिस इस मामले की तह तक नहीं पहुंच सकी है। वहीं दूसरी ओर ग्रामीण इलाकों में रात के वक्त ड्रोन दिखने से लोग दहशत में है और ईश्वर से कामना कर रहे हैं कि यह ड्रोन किसी बड़ी साजिश का हिस्सा न हों।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ताजा मामला हरपालपुर थान क्षेत्र के ग्राम काकुनपुरा से सामने आया है, जहां के ग्रामीणों ने आसमान में एक साथ करीब आधा दर्जन ड्रोन उडऩे का दावा किया है। ग्रामीणों ने इसका वीडियो भी बनाया, जो सोशल मीडिया पर वायरल है। ग्रामीणों ने बताया कि ड्रोन दिखने के तुरंत बाद उन्होंने डायल-112 पर सूचना दी थी और अगली सुबह हरपालपुर थाना में भी शिकायत की। हालांकि जब इस संबंध में हरपालपुर थाना प्रभारी संजय राय से बात की गई तो उन्होंने इस तरह की कोई जानकारी उनके पास न होने और जांच कराने की बात कही। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि यह ड्रोन पिछले दो दिनों से क्षेत्र में दिख रहे हैं और इसी बीच क्षेत्र के कुछ स्थानों से चोरी की घटनाएं भी सामने आई हैं। ग्रामीणों ने पुलिस अधिकारियों से मामले की गंभीरता से जांच करने का आग्रह किया है।जिले के अन्य इलाकों में दिख चुके हैं ड्रोन
हरपालपुर से पहले जिले के राजनगर, लवकुशनगर और गौरिहार क्षेत्र में भी ड्रोन दिखाई थे। 7 सितंबर की रात करीब 9 बजे लवकुशनगर क्षेत्र के ग्राम जनकपुर, गुढ़ा खुर्द, बांसिया, बसंतपुर, टहनगा सहित करीब आधा दर्जन गांवों में घरों के ऊपर ड्रोन उडऩे की जानकारी मिली थी। इसी रात को पहरा चौकी क्षेत्र के ग्राम चंद्रपुरा में भी ड्रोन दिखे थे। इसी गांव के रहने वाले किसान अर्जुन सिंह के खेत में एक ड्रोन गिरा भी था जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर जांच करने की बात कही थी। इसके बाद 13 सितंबर की रात को राजनगर थाना क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों में ड्रोन दिखे थे, जिसकी शिकायत पुलिस से की गई थी। इसके अलावा जिले की सीमा से लगे उत्तरप्रदेश के भी दर्जनों गांवों से इसी तरह की खबरें सामने आ रही हैं।
किसी नतीजे पर नहीं पहुंच पा रही पुलिस
जिले में लगातार सामने आ रहे ड्रोन के मामलों को लेकर सभी स्थानों की पुलिस ने जांच का दावा किया। यहां तक कि लवकुशनगर क्षेत्र से कुछ ड्रोन भी पुलिस के हाथ लगे लेकिन एक सप्ताह से ज्यादा समय बीत जाने के बावजूद किसी भी थाने की पुलिस या वरिष्ठ पुलिस अधिकारी किसी नतीजे पर नहीं पहुंचा है। वहीं दूसरी ओर आए दिन यह ड्रोन अलग-अलग इलाकों में दिखाई दे रहे हैं, जिससे ड्रोन की दहशत बढ़ती जा रही है।
ड्रोन के पीछे हो सकता है हाईटेक चोरों का गिरोह...?
जिले के अलग-अलग ?इलाकों में दिख रहे ड्रोन कैमरे को लेकर जो चर्चा सबसे तेज है, वह यह है कि यह किसी हाईटेक चोर गिरोह का काम है, जो ड्रोन की मदद से रैकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देने की फिराक में है। चूंकि हाल ही में उत्तरप्रदेश के बांदा जिले में ड्रोन से रैकी किए जाने और इसके बाद घरों में चोरी किए जाने का मामला सामने आ चुका है, इसलिए लोग कयास लगा रहे हैं कि छतरपुर जिले में भी उसी घटना की तर्ज पर कोई हाईटेक चोर गिरोह ड्रोन उड़ाकर घरों की रैकी कर रहा है। हालांकि छतरपुर जिले में जिन स्थानों पर अभी तक ड्रोन दिखाई दिए हैं वहां के ज्यादातर स्थानों से चोरी की घटनाएं सामने नहीं आई हैं।
ड्रोन का नाम से फैल रही दहशत
उल्लेखनीय है कि हाल ही में हुए भारत-पाकिस्तान युद्ध में देश भर के लोगो ने ड्रोन का नाम सुना था, जिनकी मदद से ब्लास्ट किए जा रहे थे। इसी धारणा के चलते ग्रामीण अंचलों के लोग ड्रोन का नाम सुनते ही दहशत में आ जाते हैं। हालांकि जो ड्रोन जिले में दिख रहे हैं वह कैमरे वाले ड्रोन हैं, जिनसे अमूमन फोटो और वीडियो शूट किए जाते हैं।
इनका कहना
प्राप्त हो रही सूचनाओं के आधार पर लगातार जांच हो रही है। पहरा चौकी क्षेत्र से जप्त किया गया ड्रोन एक स्थानीय युवक का था, जो उसके नियंत्रण से बाहर जाकर गांव में गिरा था। इसके अलावा अन्य स्थानों पर दिखने वाले ड्रोन कैमरों के मामलों की भी पड़ताल जारी है। जो लोग ऑनलाइन शॉपिंग के माध्यम से ड्रोन कैमरे मंगवा रहे हैं, उन पर भी विभाग की नजर है।
अगम जैन, एसपी, छतरपुर

