विज्ञापन

Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

Breaking Posts

Right Post

रामनवमी पर राममय हुआ छतरपुर, उमड़ा श्रद्धा का सैलाब सांस्कृतिक शान के साथ निकली ऐतिहासिक शोभायात्रा


छतरपुर। हिन्दू नववर्ष के अनुसार वर्ष के पहले प्रमुख त्यौहार रामनवमी पर छतरपुर शहर में भक्ति, उल्लास और संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला। ऐतिहासिक रामनवमी शोभायात्रा का आयोजन इस बार भी बेहद भव्यता और पारंपरिक गरिमा के साथ किया गया, जिसे हजारों श्रद्धालुओं और शहरवासियों की मौजूदगी ने यादगार बनाया। रामनवमीं महोत्सव की शुरुआत सुबह 11 बजे गल्लामंडी स्थित रामचरित मानस मैदान में भारतमाता की आरती से हुई। कलेक्टर पार्थ जैसवाल, पुलिस अधीक्षक अगम जैन, एसडीएम अखिल राठौर सहित समिति के सदस्यों ने संयुक्त रूप से आरती कर कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की, इस दौरान पूरा वातावरण जय श्रीराम के जयघोष और भजन-संकीर्तन से भक्तिमय हो गया।
आरती के पश्चात भव्य रामलीला का मंचन किया गया, जिसमें प्रभु श्रीराम के अवतार से पहले के प्रसंगों का सुंदर चित्रण हुआ। दोपहर करीब डेढ़ बजे पृथ्वी का उद्धार करने के लिए भगवान श्रीराम ने अवतार लिया। जन्म की लीला में श्रद्धालुओं ने रामस्तुति गाते हुए भगवान का स्वागत किया। रामजन्म के उपरांत रामचरितमानस मैदान से शोभायात्रा की शुरुआत हुई, जिसमें विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक और पारंपरिक झांकियों के साथ हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। छतरपुर विधायक ललिता यादव ने विशेष रूप से मातृशक्ति के साथ भगवान श्रीराम के रथ को खींचकर यात्रा का नेतृत्व किया। यह दृश्य श्रद्धा और नारीशक्ति के प्रतीक रूप में अत्यंत प्रभावशाली रहा। आयोजन में छतरपुर विधायक ललिता यादव के अलावा कई अन्य जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल हुए। हर वर्ग, हर आयु के लोग शोभायात्रा में राम भक्ति में सराबोर होकर चलते नजर आए। हजारों श्रद्धालुओं और नागरिकों ने शोभायात्रा में भाग लिया और मार्ग के दोनों ओर खड़े होकर पुष्पवर्षा व जयकारों से स्वागत किया। शहर के महल तिराहा, छत्रसाल चौक, पठापुर तिराहा, फब्बारा चौक और हटवारा पर श्रीराम सेवा समिति के संयोजन में महाआरती हुई।
मनमोहक रहीं भगवान के अवतारों की झांकियां-
शोभायात्रा में बुंदेली संस्कृति के साथ-साथ भगवान के अवतारों की झांकियों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। सबसे आगे विघ्नहर्ता श्रीगणेश की झांकी रही और उनके ठीक पीछे धर्मध्वजा चली। इसके बाद रामदरबार सहित भगवान द्वारा पृथ्वी पर लिए गए सभी 10 अवतारों की झांकियां के रथ निकले। शोभायात्रा के अभिनंदन हेतु अलग-अलग स्थानों पर अलग-अलग समाजों के द्वारा आकर्षक स्वागत द्वार बनाए गए थे, जहां समाज की मातृशक्ति के साथ शोभायात्रा का स्वागत किया गया। इसी द्वार से अगले द्वार तक संबंधित समाज के लोगों को भगवान का रथ खींचने का अवसर मिला।
मौनिया नृत्य और मातृशक्ति की भागीदारी बनी विशेष आकर्षण-
शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण रहा बुंदेलखंड का पारंपरिक दिवारी नृत्य, जिसमें नर्तकों ने अपने मोहक और ऊर्जावान प्रदर्शन से सभी का मन मोह लिया। मौनिया नृत्य करते हुए दिवारी दल पूरे नगर में शोभायात्रा के साथ चलते रहे। वहीं, प्रताप नवयुवक संघ के नेतृत्व में हुए पारंपरिक और आधुनिक शौर्य-कला प्रदर्शन ने लोगों को आकर्षित किया, वहीं मातृशक्ति की ऐतिहासिक भागीदारी इस वर्ष की सबसे खास बात रही। शोभायात्रा में डमरू, तलवार, झांझ, कटार, झंडा, मुगदर, ढोल, दंड, कराटे और मलखंभ जैसे पारंपरिक और शारीरिक शौर्य-कला दलों ने शानदार प्रस्तुतियां दीं। ये दल प्रताप नवयुवक संघ की ओर से शामिल हुए और नगरवासियों के बीच अपनी कला और शौर्य का परिचय देकर तालियां बटोरीं। दल के प्रतिभागियों ने चलते-चलते करतब दिखाए, जिनमें संतुलन, शक्ति और समर्पण के अद्भुत दृश्य देखने को मिले। विशेषकर मलखंभ और कराटे की टीमों ने अपने प्रदर्शन से युवाओं और बच्चों को रोमांचित किया। प्रताप नवयुवक संघ के सदस्य प्रदीप सेन ने बताया कि इस बार शोभायात्रा को भव्य स्वरूप देने के लिए महिलाओं ने स्वयं आगे आकर नेतृत्व किया। आयोजन में 1100 बहनें शामिल हुईं, जिन्होंने शोभायात्रा को धार्मिक गरिमा के साथ-साथ सामाजिक संदेश से जोड़ा।
शोभायात्रा का जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत-
शोभायात्रा का छतरपुर शहर में जगह-जगह गर्मजोशी से स्वागत किया गया। विभिन्न सामाजिक संगठनों, संस्थाओं और राजनीतिक दलों ने श्रद्धा और उत्साह के साथ शोभायात्रा का अभिनंदन कर अपने श्रद्धा भाव व्यक्त किए। कोतवाली के समीप बालाजी मंदिर के सामने शुक्लाना मोहल्ला समिति ने रामभक्तों का जल-पान कराकर शोभायात्रा का स्वागत किया, वहीं लखेरा समाज ने शोभायात्रा का स्वागत बाजार क्षेत्र में भव्य फूलवर्षा और आरती के साथ किया। वहीं इंडियन मेडिकल एसोसिएशन द्वारा जिला चिकित्सालय के बाहर श्रद्धालुओं को जलपान कराया गया। वैश्य समाज, छत्रसाल समिति और हिन्दू उत्सव समिति ने छत्रसाल चौक पर स्टॉल लगाकर शोभायात्रा का जोशपूर्ण स्वागत किया। कांग्रेस कार्यालय के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शोभायात्रा का स्वागत कर एकजुटता और धर्मनिष्ठा का परिचय दिया। वहीं भाजपा कार्यालय के बाहर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भगवान श्रीराम के जयकारों और पुष्पवर्षा से शोभायात्रा को नमन किया। योगा स्टार परिवार ने जवाहर रोड पर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया और योग व संस्कृति के समन्वय का संदेश दिया।
सुरक्षा के रहे विशेष इंतजाम-
रामनवमी के इस बड़े आयोजन को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। डीआईजी ललित शाक्यवार ने स्वयं सीसीटीवी कंट्रोल रूम से शोभायात्रा की निगरानी की और शहर में सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह सुनिश्चित किया गया। वहीं पुलिस अधीक्षक अगम जैन के नेतृत्व में पुलिस बल, होमगार्ड, विद्यार्थी परिषद के वॉलंटियर्स और समिति सदस्यों की सक्रिय भागीदारी से यात्रा पूरी तरह शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रही।
यह रहा शोभायात्रा का रूट-
शोभा यात्रा रामलीला मैदान से प्रारंभ होकर गांधी चौक से होते हुए कोतवाली होकर महल तिराहा से गुजरते हुए छत्रसाल चौराहा पहुंची, जहां पन्ना रोड और सागर रोड की झांकियां एकत्रित हुईं। छत्रसाल चौराहे से एकत्रित सभी झांकियां आकाशवाणी तिराहे से होते हुए बस स्टैंड पहुंची और यहां से बस स्टैंड के फव्वारा चौक होते हुए हटवारा, चौक से पुन: रामलीला मैदान पहुंचकर संपन्न हुई।
खजुराहो में भी निकली शोभायात्रा-
जिला मुख्यालय के साथ-साथ जिले के अन्य शहरों में भी धार्मिक कार्यक्रमों के साथ शोभायात्राएं निकाली गई। पर्यटन नगरी खजुराहो में शोभायात्रा का आयोजन हुआ, जो मतंगेश्वर महादेव मंदिर से प्रारंभ होकर नगर के ललगांव, मंजूर नगर, सेवाग्राम, पुरानी बस्ती तथा मुख्य बाजार पहुंची। इस दौरान शोभायात्रा का जगह-जगह स्वागत हुआ। खजुराहो व्यापारी संघ के अध्यक्ष नरेश सोनी के नेतृत्व में शोभायात्रा में सम्मिलित लोगों को जलपान कराया गया, तो वहीं टैक्सी यूनियन संघ, गाइड एसोसिएशन, टूरिस्ट ट्रेड से जुड़े हुए लोग तथा अन्य कई और समुदायों के लोगों के अलावा कई सामाजिक संगठन एवं विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों ने शोभायात्रा में सम्मिलित लोगों को जलपान कर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। शोभा यात्रा का शुभारंभ मतंगेश्वर महादेव मंदिर के सामने पीपल के पेड़ के नीचे सुंदरकांड पाठ के साथ हुआ जिसमें बड़ी संख्या में नगर के प्रबुद्ध जन उपस्थित रहे, यात्रा में प्रमुख रूप से राजनगर क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक अरविंद पटैरिया तथा नगर परिषद खजुराहो के अध्यक्ष अरुण कुमार पप्पू अवस्थी सहित विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ तथा श्री राम सेवा समिति के सदस्यों के अलावा नगर के बड़ी संख्या में धर्म प्रेमी सम्मिलित रहे।

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |