सुभाष बाजार में अचानक बंदरों के हमले से मची चीख-पुकार, लोगों में दहशत; लगातार बढ़ते बंदरों के आतंक पर प्रशासन की चुप्पी से उठे सवाल
हमीरपुर। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में बंदरों का आतंक अब लोगों की जान पर भारी पड़ने लगा है। शहर के व्यस्त इलाकों में भी लोग सुरक्षित नहीं हैं। ताजा मामला सदर कोतवाली क्षेत्र के सुभाष बाजार से सामने आया है, जहां उत्पाती बंदरों ने दो महिलाओं पर अचानक हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, सुभाष बाजार में मौजूद दो महिलाओं पर बंदरों ने अचानक हमला बोल दिया। बंदरों के हमले से दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। महिलाओं की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह उन्हें बंदरों के चंगुल से बचाया। इसके बाद दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
शहर में बंदरों का आतंक, कब जागेगा प्रशासन?
हमीरपुर में बंदरों के लगातार बढ़ते हमलों ने आम नागरिकों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बाजार जैसे व्यस्त क्षेत्र में इस तरह की घटना होना चिंता का विषय है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बंदरों के आतंक के चलते राहगीरों, महिलाओं और बच्चों में भय का माहौल बना हुआ है।
हादसे के बाद भी इंतजामों पर सवाल
दो महिलाओं के घायल होने की घटना ने एक बार फिर प्रशासनिक व्यवस्थाओं की पोल खोल दी है। सवाल यह है कि आखिर लोगों को बंदरों के हमलों से बचाने के लिए अब तक ठोस कदम क्यों नहीं उठाए गए? क्या प्रशासन किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार कर रहा है?
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि बंदरों को पकड़ने के लिए तत्काल अभियान चलाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और लोगों को भय के माहौल से राहत मिल सके।
रिपोर्ट: इंतजार हुसैन

