छतरपुर। उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में हुए एक भीषण सड़क हादसे में मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के बंसिया गांव के एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। मुंडन संस्कार कार्यक्रम से लौट रहे परिवार की बाइक पर ओवरटेक करते समय ट्रैक्टर पर रखी लकड़ी की पाटी जा गिरी। इस हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ कर रख दिया है।
मुंडन संस्कार में शामिल होकर लौट रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार, बंसिया निवासी 43 वर्षीय लीला प्रजापति अपने मायके महोबा जिले के बरांय गांव गई थीं। वहां से वह रिवई गांव में आयोजित एक मुंडन संस्कार कार्यक्रम में शामिल होने गई थीं। कार्यक्रम के बाद 25 अक्टूबर को वह अपनी बड़ी बहन विमला प्रजापति (46) और भतीजे 19 वर्षीय कपिल प्रजापति के साथ बाइक से वापस लौट रही थीं। बाइक कपिल चला रहा था, और उसके साथ मां विमला तथा मौसी लीला बैठी हुई थीं।
ओवरटेक करते समय हुआ हादसा
ग्राम गहरौली के पास रास्ते में आगे चल रहे एक न्यू हॉलैंड ट्रैक्टर को ओवरटेक करते समय यह दर्दनाक हादसा हुआ। ट्रैक्टर में कल्टीवेटर लगा था और उस पर लकड़ी की एक बड़ी पाटी रखी हुई थी। बाइक जब ट्रैक्टर के बगल से निकलने लगी, तभी अचानक लकड़ी की पाटी असंतुलित होकर बाइक सवारों के ऊपर आ गिरी।
अस्पताल में इलाज के दौरान दोनों बहनों ने तोड़ा दम
हादसे में बाइक चला रहे कपिल प्रजापति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से विमला और लीला को तुरंत महोबा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान 26 अक्टूबर को दोनों बहनों ने भी दम तोड़ दिया।
बंसिया गांव में पसरा मातम
एक ही हादसे में मां-बेटे और मौसी की मौत की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। पोस्टमार्टम के बाद शवों को परिजनों को सौंप दिया गया। लीला प्रजापति का अंतिम संस्कार उनके गृहग्राम बंसिया में किया गया। इस त्रैमासिक और हृदय विदारक घटना से पूरे बंसिया गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

