छतरपुर के मेले में हादसे का खतरा जीरो ग्रेविटी झूले पर उठे गंभीरछतरपुर। शहर में इन दिनों आयोजित मेला जलविहार अब मनोरंजन के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवालों के घेरे में आ गया है। मेले में लगाए गए झूलों की सुरक्षा को लेकर नगर पालिका के पार्षद प्रतिनिधि सुरेंद्र साहू ने गंभीर चिंता जताते हुए प्रशासन और नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं।
शुक्रवार शाम करीब 5 बजे पार्षद प्रतिनिधि सुरेंद्र साहू मेला जलविहार पहुंचे। यहां उन्होंने एक साथ लगाए गए तीन झूलों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विशेष रूप से जीरो ग्रेविटी नामक नए झूले को लेकर आपत्ति जताई। उनका कहना है कि झूलों के संचालन में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नजर नहीं आ रहे हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
सुरेंद्र साहू ने दिल्ली में इसी प्रकार के झूले से हुई दुर्घटना का हवाला देते हुए कहा कि वहां इस तरह के झूले के कारण बड़ा हादसा हुआ था। इसके बावजूद छतरपुर में जिम्मेदार अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर दिखाई नहीं दे रहे हैं।
उन्होंने नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि मेले में आने वाले लोगों और बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि होनी चाहिए। मनोरंजन के नाम पर लोगों की जान जोखिम में नहीं डाली जा सकती। उन्होंने मामले को लेकर कलेक्टर से शिकायत कर झूलों की सुरक्षा जांच कराने और लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने की बात कही है।

