छतरपुर। नगर पालिका परिषद द्वारा स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत स्वच्छोत्सव थीम पर आधारित स्वच्छता ही सेवा 2025 अभियान का आयोजन शहर में 2 अक्टूबर तक प्रतिदिन विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में गुरुवार को सिंगल यूज प्लास्टिक के संबंध जागरूकता रैली निकाली गई।
यह रैली नगर पालिका प्रांगण से प्रारंभ होकर बिजावर नाका तक निकाली गई। रैली में प्रतिभागियों ने हाथों में बैनर, पोस्टर एवं स्लोगन वाली तख्तियां लेकर नागरिकों को जागरूक किया। रैली में कपड़े का थैला अपनाओ, प्लास्टिक से मुक्ति पाओ, सिंगल यूज प्लास्टिक छोड़ो के नारे लगाकर जागरूक किया। कार्यक्रम नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति चौरसिया, सीएमओ माधुरी शर्मा के मार्गदर्शन तथा स्वच्छता नोडल अधिकारी नीतेश चौरसिया के नेतृत्व में दुकानदारों से अपील की कि वे अपने दैनिक दुकानदारी में सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग तुरंत बंद करें और कपड़े के थैलों का ही उपयोग करें। नगर पालिका द्वारा रैली के दौरान दुकानदारों को निःशुल्क कपड़े के थैले भी वितरित किए गए। साथ ही उन्हें सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्परिणामों के बारे में बताया गया। किसी भी दुकानदार द्वारा सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग करते पाया जाता है तो उसके विरुद्ध चालानी कार्रवाई की जाएगी।मानव श्रृंखला बनाकर दिया स्वच्छता का संदेश
नगरपालिका परिषद छतरपुर द्वारा स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत स्वच्छोत्सव थीम पर आधारित स्वच्छता ही सेवा 2025 अभियान का आयोजन शहर में 2 अक्टूबर तक प्रतिदिन विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के अंतर्गत उत्कृष्ट विद्यालय नंबर 01 में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए मानव श्रृंखला का आयोजन किया गया। इसमें विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, और नगर पालिका परिषद के कर्मचारियों ने भाग लिया। यह मानव श्रृंखला स्वच्छता के महत्व को उजागर करती है और सभी को स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित करती है। कार्यक्रम नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति चौरसिया, मुख्य नगर पालिका अधिकारी माधुरी शर्मा के मार्गदर्शन तथा स्वच्छता नोडल अधिकारी नीतेश चौरसिया के नेतृत्व में यह संदेश दिया गया कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह अपने आस-पास के वातावरण को साफ और स्वच्छ रखे। इस प्रकार के अभियानों से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में मदद मिलती है।

