छतरपुर। अत्यधिक बारिश के चलते खरीफ की फसल से हाथ धो चुके किसान अब रबी की फसल से उम्मीद लगाकर बैठे हैं लेकिन इसके लिए उन्हें अभी से जद्दोजहद करनी पड़ रही है। दरअसल जिले की समितियों में खाद न होने के कारण किसान जिला मुख्यालय के खाद वितरण केन्द्र पर पहुंच रहे हैं और इसीके चलते यहां किसानों की भारी भीड़ जमा हो रही है। गुरुवार को जिला मुख्यालय के नौगांव रोड पर स्थित खाद वितरण केन्द्र में हजारों की संख्या में किसान पहुंच गए जिस कारण से अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया और बाद में पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा। इसी बीच कुछ किसानों ने शासन-प्रशासन से सवाल करते हुए कहा कि जब शराब की दुकान हर गांव में हो सकती है तो खाद वितरण केन्द्र क्यों नहीं?
ग्राम सौंरा के किसान मूलचंद अहिरवार ने बताया कि वे एक दिन पहले खाद लेने के लिए छतरपुर केन्द्र पर आए थे। चूंकि वे सुबह 8 बजे केन्द्र पर पहुंचे थे इसलिए उनका नाम वितरण पंजी में नहीं लिखा गया था और वे वापिस लौट गए थे। इसके बाद आज पुन: वे सुबह 6 बजे केन्द्र पर आए। मलूचंद के मुताबिक आज उनका नाम लिखकर टोकन तो दे दिया गया है लेकिन दोपहर 12 बजे तक उन्हें खाद नहीं मिला है। उन्होंने यह भी बताया कि स्थानीय समिति में अभी खाद वितरण नहीं किया जा रहा है, जिस कारण से उन्हें जिला मुख्यालय तक खाद लेने के लिए आना पड़ा। ग्राम देरी के किसान मानिक लाल कुशवाहा ने कहा कि समितियों में खाद वितरण न होने के कारण बड़ी संख्या में किसान खाद लेने के लिए छतरपुर आ रहे हैं, जिस कारण से अव्यवस्था फैल रही है। उन्होंने बताया कि छतरपुर के केन्द्र पर न तो किसानों के लिए छाया की व्यवस्था है और न ही पेयजल की। ऐसे में घंटों लाइन में खड़े रहना किसानों के लिए भारी परेशानी का कारण बना है। ग्राम नैगुवां के किसान कमलेश कुशवाहा और ग्राम सुकवां के पप्पू पटेल ने बताया कि वे सुबह 7 बजे से लाइन में लगे हैं लेकिन दोपहर तक उन्हें खाद नहीं मिला। भीड़ को व्यवस्थित करने मौके पर पहुंचे सीएसपी अरुण कुमार सोनी ने बताया कि केन्द्र पर अधिक भीड़ के कारण अफरा-तफरी की स्थिति बन गई थी, जिसकी सूचना मिलते ही हमने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में लिया। टोकन के माध्यम से किसानों को खाद वितरण कराया जा रहा है।कृषि विभाग के उपसंचालक बोले- हमारे पास पर्याप्त खाद
नोट: इस समाचार के साथ फोटो क्रमांक 02 लगाएं।
वितरण केन्द्र पर फैली अव्यवस्था पर कृषि विभाग के उपसंचालक रवीश सिंह ने कहा कि हमारे पास किसानों को देने के लिए पर्याप्त मात्रा में खाद है। वितरण केन्द्र पर किसानों की अत्यधिक भीड़ के कारण अव्यवस्था हो रही है, जिससे निपटने के लिए हमने पुलिस को बुलाया है। उन्होंने बताया कि टोकन सिस्टम से किसानों को निर्धारित मात्रा में खाद दी जा रही है। श्री सिंह ने बताया कि जिला मुख्यालय के केन्द्र सहित सभी समितियों में पर्याप्त मात्रा में डीएपी खाद उपलब्ध है, यूरिया भी जल्द उपलब्ध कराया जाएगा। जो समितियां खाद वितरण नहीं कर रही हैं, उन पर कार्रवाई की जाएगी।
राजस्व अधिकारियों ने खाद वितरण व भंडारण केंद्रों का किया निरीक्षण
कलेक्टर पार्थ जैसवाल के निर्देशन में जिलेभर में राजस्व अधिकारियों द्वारा खाद वितरण केंद्रों का निरीक्षण किया गया। साथ ही निजी उर्वरक विक्रेताओं को हिदायत दी है कि निर्धारित दरों पर ही खाद विक्रय करें और किसानों को रसीद दें। गुरुवार को कलेक्टर श्री जैसवाल द्वारा उर्वरक का सुचारू रूप से वितरण सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को जिलेभर की खाद वितरण सोसायटियों एवं अन्य निजी वितरण केन्द्र पर निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में अधिकारियों द्वारा अवैध खाद भंडार की भी स्टॉक मिलान करते हुए जांच की गई। जिला प्रशासन द्वारा किसान भाईयों से अपील की गई है कि निर्धारित दरों पर ही खाद खरीदें और रसीद प्राप्त करें। इसी क्रम में गौरिहार तहसीलदार द्वारा सहकारी समिति बारीगढ़ में खाद की दुकान का निरीक्षण किया गया और स्टॉक का मिलान किया गया। साथ ही तहसीलदार महाराजपुर द्वारा खाद वितरण समिति का निरीक्षण किया गया। इसके अलावा राजस्व अधिकारी द्वारा शिव कृषि भंडार दुकान और राज्य सहकारी विपणन संघ बिजावर, राजनगर में समस्त खाद वितरण दुकानों एवं नायब तहसीलदार ने लुगासी स्थित तिवारी ट्रेडर्स खाद भंडार का निरीक्षण का स्टॉक का मिलान किया और आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
निजी उर्वरक दुकानों की निगरानी के लिए नियुक्त हुए पटवारी
कलेक्टर पार्थ जैसवाल के निर्देशन में किसानों को निजी उर्वरक दुकानों से निर्धारित मूल्य पर खाद उपलब्ध हो सके जिसकी निगरानी के लिए दुकानवार कृषि विस्तार अधिकारी और पटवारियों की ड्यूटी लगाई गई है। साथ ही अधिक कीमत पर खाद विक्रय करने वालों पर कड़ी कार्यवाही के निर्देश दिए गए है। साथ ही नियुक्त कर्मी किसानों को सुगम तरीके से खाद वितरण कराने के लिए मदद करेंगे। इसके अलावा क्षेत्रानुसार सम्बंधित के द्वारा अवैध रूप से खाद भण्डारित एवं विक्रय करने के विरूद्ध आवश्यक कार्यवाही में उवर्रक निरीक्षक के सहयोग हेतु किसानों की अधिक संख्या होने पर टोकन वितरण और लाइन आर्डर व्यवस्था बनाने हेतु पुलिस को सूचित करेंगे। साथ ही प्रतिदिन के जानकारी उपलब्ध कराएंगे। विकासखंड स्तर पर जिन निजी उर्वरक दुकानों की निगरानी होगी उनमें इफको कंपनी के इफको बाजार स्टोर छतरपुर, विनायक एग्री सेंन्टर छतरपुर, श्री सांई ट्रेडर्स महाराजपुर, सांई ट्रेडर्स गढ़ीमलहरा, शुभम ट्रेडर्स नौगांव, गुप्ता खाद भंडार खजुराहो, अग्रवाल ट्रेडर्स राजनगर, सोनी बीज भंडार बमीठा, खुशहाल ट्रेडर्स गुलगंज, किसान सेवा केन्द्र भगवां, मधुवन खाद एजेंसी बाजना, जनता कृषि केन्द्र बाजना, शिवाय खाद्य-बीज भण्डार धमौरा, प्रियंका मेन्योर एण्ड फर्टीलाईजर शामिल है। यहां कृषि विस्तार अधिकारी एवं पटवारियों को नियुक्त किया गया है। इस सभी दुकानों पर कुल 497.15 मीट्रिक टन डीएपी खाद उपलब्ध है।

