हमीरपुर। जेल में निरुद्ध विचाराधीन बंदी की पिटाई के बाद हुई मौत के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सोमवार को मृतक के परिजनों के साथ राष्ट्रीय सवर्ण परिषद के प्रांत प्रचारक सचिन तिवारी और उनके कार्यकर्त्ताओं ने परेड ग्राउंड से लेकर कलेक्ट्रेट तक पदयात्रा निकाल प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री से सम्बोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौपा है। वहीं इस घटना के विरोध में शिवसेना ने गोल चबूतरे में धरना प्रदर्शन कर प्रधानमंत्री से सम्बोधित ज्ञापन अतिरिक्त एसडीएम को सौपा है।सदर कोतवाली क्षेत्र के सूरजपुर वार्ड निवासी अनिल कुमार द्विवेदी की जिला कारागार में पिटाई के बाद बीते रविवार को मौत हो गई थी। घटना के एक सप्ताह बाद सोमवार को लखनऊ से राष्ट्रीय सवर्ण परिषद के प्रांत प्रचारक सचिन तिवारी अपने कार्यकर्त्ताओं के साथ पीड़ित परिवार से मिलने उनके घर पहुंचे।उन्होंने घटना के आरोपियों की गिरफ्तारी सहित पीड़ित परिवार को 50 लाख का मुआवजा दिलाने,परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दिलाने,बच्चों की शिक्षा व्यवस्था भरण पोषण और जेल में फैले भृष्टाचार पर रोक लगाने की मांग को लेकर जिलाधिकारी घनश्याम मीना को ज्ञापन सौपा। जिलाधिकारी ने तत्काल मृतक की तेरहवीं कार्यक्रम को लेकर पीड़ित को मदद देने का आश्वासन दिया है। वहीं शिवसेना के प्रदेश उपप्रमुख महात्मा रतन ब्रह्मचारी के नेतृत्व में दिए ज्ञापन में बताया कि एससीएसटी एक्ट के मामले वांछित अनिल द्विवेदी को न्यायालय में पेशी के बाद जेल भेजा गया था। जेल अधिकारी व जेल कैदिया, जेल कर्मियों आदि ने मिलकर अनिल द्विवेदी को खम्भे से बांधकर बेरहमी से मारा जिससे उसकी मौत हो गयी थी। इस घटना में जेलर और डिप्टी जेलर सहित आठ लोगों के विरुद्ध सदर कोतवाली में मुकदमा पंजीकृत किया गया है, लेकिन अभी तक किसी जेल कर्मी को हिरासत मे लेकर जेल नही भेजा गया है। उन्होंने कहा कि जेल मे गुण्डा टैक्स वसूली को लेकर इस प्रकार की घटनायें आम हो गई है।

