छतरपुर। नगर पालिका में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं का मामला एक बार फिर गरमा गया है। पार्षद प्रतिनिधि सुरेंद्र साहू ने नगर पालिका के अधिकारियों और कर्मचारियों पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। सुरेंद्र साहू का आरोप है कि आगामी मेले को लेकर नगर पालिका प्रशासन द्वारा दुकानों के नाम पर जमकर अवैध वसूली की जा रही है, जबकि व्यवस्थाओं के नाम पर शून्य काम हुआ है।
सुरेंद्र साहू ने बताया कि मेले के आयोजन को लेकर नगर पालिका की ओर से न तो कोई आधिकारिक बैठक बुलाई गई और न ही कोई रूपरेखा तैयार की गई है। इतना ही नहीं, जनप्रतिनिधि होने के बावजूद पार्षदों को मेले से जुड़ी किसी भी प्रक्रिया या जानकारी से पूरी तरह वंचित रखा गया है। उन्होंने मेला प्रभारी सब इंजीनियर गोकुल प्रजापति पर दुकानदारों से अवैध वसूली करने के भी आरोप लगाए हैं। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था पर चिंता जताते हुए कहा कि इस बार मेले में अत्यधिक छोटी और संकरी गलियां बनाई गई हैं, जिससे किसी भी वक्त बड़ा हादसा होने का डर बना हुआ है। यदि मेले में कोई दुर्घटना या आगजनी जैसी स्थिति बनती है, तो संकरे रास्तों के कारण फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी मौके पर नहीं पहुंच सकेगी।
आरोप लगाने के दौरान सुरेंद्र साहू के साथ पार्षद दीपेंद्र असाटी, पार्षद प्रतिनिधि अजय कबीर तथा कालीचरण सेन प्रमुख रूप से मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों ने नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर गहरा असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि जब वे इन समस्याओं और आरोपों पर बात करने नगर पालिका पहुंचे, तो वहां कोई भी जिम्मेदार अधिकारी मौजूद नहीं मिला और न ही कोई अधिकारी इस विषय पर संतोषजनक जवाब देने को तैयार है। पार्षदों ने इस मामले में उच्च अधिकारियों से निष्पक्ष जांच और मेले की सुरक्षा व्यवस्था सुधारने की मांग की है।

