By जावेद खान
लवकुश नगर| जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत व्यासबदौरा में विकास योजनाओं के नाम पर भ्रष्टाचार का एक ऐसा सनसनीखेज खेल सामने आया है, जिसे सुनकर आपके होश उड़ जाएंगे। जिसमें ब्लॉक की एक ऐसी पंचायत जहां पर सबसे ज्यादा सीएम हेल्पलाइन शिकायतें हुई दर्ज ग्राम पंचायत व्यासबदौरा में विकास सिर्फ कागजों पर चमक रहा है, जबकि जमीनी हकीकत में जनता के हक के पैसों की सरेआम बंदरबांट हो रही है। ग्रामीणों ने इस अंधेरगर्दी के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं।20 साल पुराने गड्ढे को बनाया 'नया तालाब', खा गए 5 लाख-
ग्राम पंचायत व्यासबदौरा में सरपंच अवध नरेश अवस्थी की एक बड़ी जादूगरी सामने आई है। ग्रामीणों का आरोप है कि सरपंच ने हनुमान पहाड़ी पर स्थित 20 साल पुरानी एक खदान (गड्ढे) को नया 'खेत तालाब' घोषित कर दिया और सरकारी खजाने से ₹5,80,000 की भारी-भरकम राशि डकार ली। वहीं दूसरी तरफ, गणेश तालाब में 4 फीट की जगह केवल 1 फीट मिट्टी डालकर योजना को पूरी तरह मटियामेट कर दिया गया।
बिना सड़क बने ही ठेकेदार और अधिकारियों ने मना ली 'दिवाली'-
भ्रष्टाचार का दूसरा सबसे वीभत्स रूप वार्ड क्रमांक 8 में देखने को मिला। यहाँ मुन्नी अहिरवार के घर से स्वामीदीन के घर तक एक इंच भी सीसी रोड नहीं बनी, लेकिन 'पूजा टेंडर' के नाम पर ₹1,21,800 का फर्जी भुगतान करवाकर आपस में बांट लिया गया। जब ग्रामीणों ने इसके बिल-वाउचर मांगे, तो अधिकारी सांप सूंघ जाने की तरह मौन हो गए और जनता को गुमराह करने लगे।
मजदूरों का खून-पसीना चूसा, साल भर से नहीं दी मजदूरी-
एक तरफ जहाँ लाखों की रकम पलक झपकते ही गायब की जा रही है, वहीं दूसरी तरफ प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अपनी झोपड़ी खड़ी करने वाले गरीब मजदूरों को 2 साल से उनकी मजदूरी का एक-एक पैसा नहीं दिया गया है। जनपद पंचायत के बाबू 'वर्क कोड' न खोलने का बहाना बनाकर गरीबों को दफ्तरों के चक्कर कटवा रहे हैं।
ब्लॉक से लेकर जिले तक के चक्कर काट चुके ग्रामीणों का अब धैर्य जवाब दे रहा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर इस महा-घोटाले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को जेल नहीं भेजा गया, तो वे उग्र आंदोलन के लिए विवश होंगे।
इनका कहना है -
मामला मेरे संज्ञान में है जहां ग्राम पंचायत में सीसी रोड, नाली, और गणेश तालाब सहित अन्य शिकायतें सामने आई है संबंधित सरपंच और सचिव को 25 दिन का समय दिया गया है अगर समय अवधि में काम पूर्ण नहीं होता है तो संबंधित सरपंच सचिव के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
भारती ठाकुर जनपद पंचायत सीईओ



