विज्ञापन

Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

Breaking Posts

Right Post

PRESS
ऑनलाइन रिपोर्टर बनें
OFFICIAL प्रेस ID कार्ड + नियुक्ति पत्र

प्रतियोगी परीक्षाओं में नहीं मिली सफलता तो स्वरोजगार से बदली किस्मत, 5 लाख के ऋण से खड़ी की आर्टिफिशियल फ्लावर यूनिट

 

बांदा के ईश्वर कृष्ण सोनकर बने आत्मनिर्भरता की मिसाल, 9 महिलाओं समेत करीब एक दर्जन लोगों को दे रहे रोजगार

मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना से मिली मदद, घर बैठे फूल और मालाएं बनाकर महिलाएं कमा रहीं 3 से 4 हजार रुपये प्रतिमाह

By अनवर रजा रानू 

बांदा। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार की मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना युवाओं को स्वरोजगार की राह दिखा रही है। बांदा शहर के छाबी तालाब मोहल्ले के रहने वाले ईश्वर कृष्ण सोनकर ने इस योजना का लाभ लेकर न केवल अपना व्यवसाय शुरू किया, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर तैयार किए हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता नहीं मिलने के बाद उन्होंने हार मानने के बजाय स्वरोजगार का रास्ता चुना और पांच लाख रुपये के ऋण से आर्टिफिशियल फ्लावर यूनिट स्थापित कर आत्मनिर्भरता की नई मिसाल पेश की।

प्रतियोगी परीक्षाओं में नहीं मिली सफलता, तो चुनी उद्यमिता की राह

ईश्वर कृष्ण सोनकर ने पढ़ाई पूरी करने के बाद कई वर्षों तक प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की और विभिन्न परीक्षाओं में शामिल हुए। लगातार प्रयासों के बावजूद जब उन्हें अपेक्षित सफलता नहीं मिली, तो उन्होंने खुद का व्यवसाय शुरू करने का निर्णय लिया। इसी दौरान उन्हें मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने बांदा जिला उद्योग कार्यालय पहुंचकर योजना के तहत आवेदन किया और आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कीं।

योजना के माध्यम से पांच लाख रुपये का ऋण मिलने के बाद उन्होंने सितंबर 2025 में शहर के मवई गांव में अपनी आर्टिफिशियल फ्लावर यूनिट की शुरुआत की। उन्होंने अपनी इकाई का नाम 'कृष्णा एमएसएमई' रखा। करीब एक साल के प्रयासों के बाद उनका व्यवसाय अब गति पकड़ने लगा है और जिले में उनके उत्पादों की आपूर्ति की जा रही है।

9 महिलाओं सहित करीब एक दर्जन लोगों को मिला रोजगार

ईश्वर कृष्ण सोनकर की इस पहल की खास बात यह है कि उन्होंने अपने व्यवसाय को केवल खुद तक सीमित नहीं रखा। उनकी यूनिट से करीब एक दर्जन लोग जुड़े हुए हैं, जिनमें नौ महिलाएं शामिल हैं। वे कच्चा माल उपलब्ध कराते हैं और महिलाएं अपने घरों में खाली समय के दौरान आर्टिफिशियल फूल, मालाएं और अन्य सजावटी उत्पाद तैयार करती हैं।

ईश्वर कृष्ण के मुताबिक, इस काम से जुड़ी प्रत्येक महिला लगभग तीन से चार हजार रुपये प्रतिमाह कमा लेती है। इससे महिलाओं को घर बैठे आय का साधन मिला है और वे परिवार की आर्थिक जरूरतों में अपना योगदान दे पा रही हैं। तैयार उत्पादों को बाजार में बेचने के साथ ही पूरे जिले में उनकी आपूर्ति की जाती है।

खर्च निकालकर हर महीने 15 से 20 हजार रुपये की बचत

ईश्वर कृष्ण सोनकर ने बताया कि उन्हें जुलाई 2025 में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना का लाभ मिला था। इसके बाद सितंबर में उन्होंने अपनी यूनिट शुरू की। उनके यहां छोटे-बड़े आर्टिफिशियल फूल, मालाएं और कई तरह के सजावटी उत्पाद तैयार किए जाते हैं। उन्होंने बताया कि सभी खर्चों को निकालने के बाद उन्हें प्रतिमाह लगभग 15 से 20 हजार रुपये की बचत हो जाती है।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में वे अपने व्यवसाय का और विस्तार करना चाहते हैं, ताकि उत्पादन बढ़ने के साथ अधिक लोगों को रोजगार से जोड़ा जा सके।

सरकारी योजना से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ते कदम

ईश्वर कृष्ण सोनकर की कहानी उन युवाओं के लिए प्रेरणादायक है, जो प्रतियोगी परीक्षाओं या नौकरी में सफलता नहीं मिलने के कारण निराश हो जाते हैं। उनका उदाहरण बताता है कि सही अवसर, मेहनत और स्वरोजगार की सोच से न केवल अपना भविष्य संवारा जा सकता है, बल्कि दूसरों के लिए भी रोजगार के रास्ते खोले जा सकते हैं।मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के माध्यम से शुरू हुई यह पहल स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन और महिलाओं की आर्थिक भागीदारी को बढ़ावा देने की दिशा में एक सकारात्मक उदाहरण बनकर सामने आई है।

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |